श्रीपीतांबरा मंदिर के पुजारी श्रीप्रकाश पंचतत्व में विलीन
दतिया | श्री पीतांबरा मंदिर के पुजारी श्रीप्रकाश शास्त्री मंगलवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को ग्वालियर रोड स्थित मुक्तिधाम पर हुआ। इसमें शहर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। दिल्ली में इलाज के दौरान सोमवार को उनका निधन हो गया। उन्हें मुखाग्नि उनके पुत्र कमलेश शास्त्री ने दी। वहीं उनके निधन पर राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन की ओर शोक सभा आयोजित की गई। इसमें लोगों ने दो मिनट का मौन धारण कर ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति प्रदान किए जाने की कामना की। वहीं उनके अंतिम संस्कार में मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के उपाध्यक्ष अवधेश नायक, सेंवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल, नपा अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, उपाध्यक्ष योगेश सक्सैना सहित शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद थे।