कश्मीर बाढ़ पीडि़तों के लिए फैलाई झोली
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ ने चलाया अभियान।
भास्करसंवाददाता|दतिया
भाजपाव्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रमेश नाहर के नेतृत्व में बुधवार को प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बाढ़ पीड़ित जम्मू कश्मीर की सहायता के लिए शहर के बाजार में व्यापारियों के सामने झोली फैलाते हुए पीडितों के लिए अधिक से अधिक सहायता देने का आग्रह किया। प्रकोष्ठ ने नगद के साथ किसी भी प्रकार के सामान से पीडितों की सहायता करने का अनुरोध किया। प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं सदस्य गोविंद गंज, बड़े गोविंद मंदिर पर एकत्रित होकर बाजार में निकले। शहर के प्रमुख बाजार में होते हुए वापस मंदिर पहुंचे। प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रमेश नाहर ने बताया कि एकत्रित राशि का डीडी (डिमांड ड्राफ्ट) बनाकर मुख्यमंत्री राहत कोष में भेजा जाएगा। इस अवसर पर रामू शर्मा,योगी, हैदर अली, पवन नाहर, सत्येन्द्र गुर्जर, मनीष शर्मा, मनोज शर्मा, विष्णु पबिया आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
जम्मू के बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत जुटाने निकले भाजपाई।