मारुति कार से अवैध शराब जब्त, एक पकड़ा
चिरूला थाना पुलिस की कार्रवाई
भास्कर संवाददाता। दतिया
चिरूला थाना पुलिस ने शुक्रवार सुबह चार बजे हाईवे एनएच-75 पर पुराने थाने के सामने चेकिंग करते हुए मारुति में शराब रखी पाए जाने पर जब्त कर ली है। साथ ही ड्राइवर को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। चिरूला थाना प्रभारी रोहित मिश्रा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक इरशाद वली के निर्देश पर गुरुवार देर रात पुराने थाने के सामने चेकिंग की जा रही थी। शुक्रवार सुबह चार बजे झांसी की तरफ से आ रही मारुति क्रमांक एमपी 32 सी 0203 को रोककर चेकिंग की तो उसमें शराब की पेटियां रखी पाई गईं। पुलिस ने तत्काल मारुति चालक रिंकू पुत्र रामकिशोर गुप्ता निवासी उनाव रोड को गिरफ्तार कर लिया। मारुति में 15 पेटी देशी शराब कीमत 30 हजार रुपए की रखी पाई जाने पर मारुति वाहन जब्त कर लिया। इससे पूर्व चिरूला पुलिस ने गुरुवार रात आठ बजे आरटीओ बैरियर के पास से सतीश पुत्र सीताराम कुशवाहा निवासी अंबावाय झांसी को गिरफ्तार कर 50 क्वार्टर देशी जब्त की है।