पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • हर माह 30 लाख यूनिट बिजली चोरी, आकलित खपत से भरपाई

हर माह 30 लाख यूनिट बिजली चोरी, आकलित खपत से भरपाई

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दिखावा साबित हो रही बिजली कंपनी की कार्रवाई

भास्कर संवाददाता | दतिया

शहर में हर माह 30 लाख यूनिट बिजली चोरी हो रही है। बिजली कंपनी इस घाटे की भरपाई के लिए नियमित रूप से बिल भरने वाले उपभोक्ता को आकलित खपत के बिल थमा रही है। ऐसे में उपभोक्ता को अनावश्यक खर्च की गई बिजली से अधिक पैसा बिजली कंपनी को देना पड़ रहा है।

शहर में बिजली कंपनी के 19 हजार उपभोक्ता हैं। इनके लिए बिजली कंपनी प्रति माह 90 लाख यूनिट बिजली सबस्टेशन पर इनपुट में देती है, जबकि बिजली कंपनी करीब 48 लाख यूनिट की ही बिलिंग कर पाती है। ऐसे में प्रति माह 30 लाख यूनिट बिजली चोरी चली जाती है। इस चोरी को रोकने के लिए बिजली कंपनी लगातार अभियान चला रही है। बावजूद इसमें अपेक्षानुरूप सुधार नहीं आ रहा है। वहीं बिजली कंपनी इस घाटे की भरपाई के लिए नियमित रूप से बिल चुकाने वाले उपभोक्ता को ठगने में लगी हुई है। स्थिति यह है कि बिजली कंपनी शहर में आकलित खपत के बिल बांटकर इस घाटे को पूरा कर रही है, जिससे शहर में बिजली के ईमानदार उपभोक्ता अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं, जबकि शहरी क्षेत्र के अधिकांश हिस्से बिजली कंपनी केबल बिछा चुकी है। साथ ही कंप्यूटरीकृत मीटर भी लगा चुकी है। बावजूद उसके उपभोक्ता को रीडिंग के अनुसार बिल नहीं दिए जा रहे हैं। ऐसे में उपभोक्ता को परेशान होना पड़ रहा है।

बिल आते ही सुधरवाने वालों की लगती है भीड़: शहर में बिजली कंपनी द्वारा आकलित खपत के बिल बांटे जाने से हर माह बिजली कार्यालय पर बिल सुधरवाने वालों की भीड़ जमा होती है। बिल आते ही लोग उसे सुधरवाने के लिए कंपनी कार्यालय आने लगते हैं। वहीं जिन लोगों का बिल नहीं सुधर पाता उन्हें मजबूती में खपत से अधिक बिजली के पैसे चुकाने पड़ते हैं। इसके अलावा कई लोग क्षमता से अधिक बिल आने की वजह से उसे समय पर नहीं चुकाते हैं।

खबरें और भी हैं...