पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • रोजगार सहायकों ने भैंस पर मप्र शासन लिखकर बीन बजाई, किया प्रदर्शन

रोजगार सहायकों ने भैंस पर मप्र शासन लिखकर बीन बजाई, किया प्रदर्शन

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रोजगार सहायकों की हड़ताल जारी

भास्कर संवाददाता | दतिया

नियमितीकरण की मांग को लेकर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के रोजगार सहायक समेत अन्य संविदा कर्मचारियों ने गुरुवार को अनूठे ढंग से प्रदर्शन किया। उन्होंने भैंस पर मध्यप्रदेश शासन लिखकर उसके आगे बीन बजाई। हड़ताली कर्मचारियों का कहना था कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन सरकार उनकी ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। ऐसे में उन्होंने भैंस के आगे बीन बजाकर अपना विरोध प्रकट किया।

जिले के रोजगार सहायक सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सभी संविदा अधिकारी कर्मचारी पिछले तीन दिनों से हड़ताल पर चल रहे हैं। चौथे दिन गुरुवार को भी इन कर्मचारियों ने अनामय आश्रम पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही विरोध प्रकट करने के लिए उन्होंने एक भैंस पर प्रदेश सरकार लिखते हुए उसके आगे बीन बजाई। इस अवसर पर रोजगार सहायक संघ के जिलाध्यक्ष रोहित दांगी ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी रावत, सेंवढ़ा जनपद अध्यक्ष किरन शर्मा, जनपद उपाध्यक्ष शीला यादव, पंचायत सचिव महासंघ के कार्यवाहक प्रांताध्यक्ष बांकेबिहारी शर्मा और जागो हिंद संगठन के जिलाध्यक्ष केशव सिंह यादव ने भी हमारी मांगों को सही मानते हुए समर्थन पत्र दिया है। लेकिन सरकार हमारी मांगे नहीं मान रही है। चौथे दिन धरने पर बैठने वालों में संभागीय उपाध्यक्ष धर्मेंद्र दांगी, मनीष गुप्ता, राकेश गुप्ता, कपिल त्रिपाठी, सुनील यादव, केपी यादव, प्रदीप शर्मा, आशीष जैन, अंबिका पोहकर, नीरज शर्मा, रचना सोनी, बलराम सोनी, अनिल श्रीवास्तव, वीरेश त्यागी, अखिलेंद्र साहू, दिनेश दंडौतिया, धर्मेंद्र शर्मा, आशीष दुबे उपस्थित रहे।

परेशान हो रहे ग्रामीण, नहीं मिल रही मजदूरी

कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। ग्राम पंचायतों में मनरेगा, वाटर शेड, समग्र आईडी मैपिंग सहित तमाम योजनाएं ठप हो गई हैं। मनरेगा के मजदूरों को मजदूरी के लिए चक्कर लगाना पड़ रहा है। आलम यह है कि जिला पंचायत और जनपद पंचायतों में स्थित इन शाखाओं में ताला लटक रहा है। कारण यह है कि उक्त हड़ताली कर्मचारियों द्वारा अपना चार्ज किसी दूसरे कर्मचारियों को नहीं दिया गया है।

भैंस के आगे बीन बजाकर विरोध प्रदर्शन करते रोजगार सहायक।

खबरें और भी हैं...