ठेकेदार बोले- जिले में बिक रही अवैध शराब, एसपी बोले-बिकवा कौन रहा है
जिला अाबकारी समिति की बैठक में उखड़े एसपी
भास्कर संवाददाता | दतिया
गुरुवार को जिला आबकारी समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शराब ठेकेदार राजकुमार राय ने जिले में खुलेआम अवैध शराब बिकने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि गली-गली में अवैध शराब बिक रही है। इस पर दतिया एसपी इरशाद वली नाराज हो गए। उन्होंने शराब ठेकेदार से कहा कि यदि जिले में अवैध शराब बिक रही है तो बिकवा कौन रहा है? हालांकि बाद में बैठक में मौजूद अन्य अधिकारियों ने मुद्दा शांत कराया। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर ने की।
यह बैठक गुरुवार की दोपहर कलेक्टोरेट स्थित जिला आबकारी कार्यालय में जिला आबकारी समिति की बैठक का आयोजन किया गया था। इस बैठक में वर्ष 2016-17 के लिए शराब ठेकों के निष्पादन हेतु समिति का गठन किया जाना था। इसी तारतम्य में जिले के लाइसेंसी शराब ठेकेदार को भी बैठक में आमंत्रित किया गया। बैठक के प्रारंभ में समिति का गठन किया गया। इसमें कलेक्टर मदन कुमार को अध्यक्ष बनाया गया, जबकि एसपी इरशाद वली और उपायुक्त आबकारी ग्वालियर मुकेश नेमा और जिला पंचायत सीईओ धनंजय मिश्रा सदस्य के रूप में शामिल रहे। इस समिति में सचिव जिला आबकारी अधिकारी चंदनसिंह ठाकुर रहेंगे। बैठक के दौरान शराब ठेकेदारों से उनकी परेशानी के बारे में भी पूछा गया। साथ ही शासन की आबकारी नीति से भी अवगत कराया गया।