स्पीड पर ब्रेक लगा रहे सड़कों के गड्ढे, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
गड्ढों की वजह से कई बार वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे
भास्कर संवाददाता | दतिया
शहर की सड़कों पर वाहन की स्पीड में गड्ढे अवरोधक बन रहे हैं। इन गड्ढों की वजह से कई बार वाहन चालक दुर्घटना का शिकार भी हो रहे हैं। बावजूद जिम्मेदार अफसर इन गड्ढों को भरवा नहीं रहे हैं, जिससे शहर का ट्रैफिक रेंग-रेंग कर चलने को मजबूर है।
दतिया शहर की सड़क की हालत सुधरने का नाम नहीं ले रही है। जिम्मेदार अफसरों की अनदेखी की वजह से सड़क पर गड्ढों की संख्या दिनोंदिन बढ़ रही है, स्थिति यह है कि शहर के मुख्य राजगढ़ चौराहा पर एक साल से गड्ढे हैं। इन गड्ढों की वजह से वाहन चालक आए दिन घायल होते रहते हैं, वहीं सिविल लाइन रोड पर तान्या होटल, एसपी बंगले के सामने भी गड्ढे हो रहे हैं, जबकि इस रोड से ही शहर में बाहर के पर्यटक आते हैं। गड्ढों की वजह से उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शहरवासियों द्वारा इस संबंध में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत भी की गई, लेकिन अफसरों की अनदेखी की वजह से गड्ढे का आकार दिनोंदिन बढ़ रहा है। बरसात में इन गड्ढों में पानी भरने के बाद राहगीरों की मुश्किल ओर अधिक बढ़ जाती है। गड्ढे में पानी होने की वजह से वाहन चालक और राहगीर को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं हो पाता ।
गड्ढों में गुम हो रही सड़क
शहर के बमबम महादेव चौराहा से सेंवढ़ा चुंगी को जाने वाली सड़क इन दिनों गड्ढों में गुम हो रही है। आलम यह है कि इस सड़क पर गड्ढों की वजह से राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। सुंदरानी पेट्रोल पंप के सामने सड़क गड्ढों में गुम हो गई है। वहीं इन गड्ढों में पानी भरा होने से वाहनों के पहिए फिसल रहे हैं।
मेंटेनेंस के बाद भी नहीं भरे गए पूरे गड्ढे
शहर की झांसी रोड बायपास की हालत भी ठीक नहीं है। इस रोड पर भी जगह जगह गड्ढों की वजह से ट्रैफिक जाम हो रहा है, हालांकि एक सप्ताह पहले ही लोक निर्माण विभाग द्वारा इस रोड के गड्ढे भरे गए थे। लेकिन इस कार्रवाई में रोड के कई बड़े गड्ढे छोड़ दिए गए। सड़क के किनारे कट रहे हैं। परिणामस्वरूप राहगीर की मुश्किल कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। लेकिन अधिकारियों को आमजन की समस्या से कोई मतलब नहीं है, वे समस्या की ओर ध्यान भी नहीं दे रहे हैं।
दतिया शहर का मुख्य राजगढ़ चौराहा पर सड़क पर बने गहरे गड्ढे से निकलते वाहन।
पता करेंगे कौन सी रोड हमारी है, तत्काल मरम्मत कराएंगे
मुझे अभी ये जानकारी नहीं है कि शहर में कौन-कौनसी रोड हमारी हैं। शहर में कुछ रोड नगरपालिका की भी है। यदि रोड हमारी होगी, तो उनकी तत्काल मरम्मत कराएंगे। जेपी सोनकर, कार्यपालन यंत्री, पीडब्ल्यूडी दतिया