पात्र हितग्राहियों को नहीं मिल पा रही खाद्यान्न पर्ची
सेंवढ़ा | सेंवढ़ा नगरीय क्षेत्र में पात्र हितग्राहियों को भी खाद्यान्न पर्ची उपलब्ध नहीं हो पा रही है। जिसके कारण लोग परेशान हो रहे हैं। इस संबंध में गुरुवार को पार्षद बातू शिवहरे ने एसडीएम के नाम तहसीलदार रामदीन सेमिल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि नियमानुसार बीपीएल कार्डधारी, मजदूरी कार्ड धारी, वृद्धावस्था पेंशन धारी, विकलांग पेंशन धारी समेत 16 प्रकार की शासकीय योजनाओं का लाभ ले रहे लोगों को उचित मूल्य की दुकान से एक रुपए किलो गेहूं एवं अन्य खाद्यान्न मिलना चाहिए। इसके लिए खाद्य विभाग पात्रता पर्ची जारी करता है। सेंवढ़ा मेें फूड इंस्पेक्टर के पद पर दीपाली सिंह पदस्थ हैं। जो मुख्यालय पर न रहते हुए अधिकतर समय दतिया में ही निवास करतीं है। इसके कारण पात्रता पर्ची पर उनके हस्ताक्षर नहीं हो पाते और वह परिवार जिन्हें योजना का लाभ मिलना चाहिए उन्हें लाभ नहीं मिल पाता। पहले दीपाली सिंह सप्ताह में एक दिन आती थीं पर अब एक भी दिन नहीं आतीं। ज्ञापन में फूड इंस्पेक्टर को समस्त पेंडिंग पात्रता पर्ची जारी करवाने हेतु निर्देशित करने तथा मुख्यालय पर ही निवास करने की दिशा में उचित कार्रवाई करने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने वालों में वार्ड क्रमांक तीन के पार्षद मनमोहन दीक्षित, वार्ड 12 के पार्षद संतोष परिहार, प्रशांत श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।