नपा का आज फिर होगा बजट सम्मेलन, हंगामे की आशंका
भाजपा का स्पष्ट बहुमत फिर भी पास नहीं हो पा रहा बजट
भास्कर संवाददाता | दतिया
नपा का स्थगित बजट सम्मेलन सोमवार को होगा। सम्मेलन में हंगामे की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता है। बजट तीसरी बार पार्षदों के सामने पेश किया जाएगा। हैरानी की बात यह है कि परिषद में भाजपा का स्पष्ट बहुमत होने के बाद भी बजट पास नहीं हो पा रहा। भाजपा पार्षद अपनी ही पार्टी के अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल को नपा अधिकारी, कर्मचारियों द्वारा फैलाई जा रही अव्यवस्थाओं के नाम पर घेर लेते हैं।
बता दें की अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल की अध्यक्षता वाली परिषद ने 21 साल का रिकार्ड तोड़ने के उद्देश्य से 31 जनवरी से पहले वित्तीय वर्ष 2016-17 का बजट 29 जनवरी को परिषद के सामने रखा। लेकिन भाजपा पार्षदों ने बजट पर चर्चा न कर शहर की अव्यवस्थाओं को परिषद में उठा दिया। भाजपा पार्षद दल के नेता प्रशांत ढेंगुला ने पानी, पार्षद सुरेश मूलू उपाध्याय ने उनाव रोड की गुणवत्ता व भुगतान , पार्षद सेवंती भगत ने नपा अधिकारी, कर्मचारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों की न सुनने, पार्षद रामू शर्मा ने राष्ट्रीय परिवार सहायता जैसे मुद्दे उठा कर सम्मेलन को विषय से भटका दिया। चार घंटे चली परिषद की बैठक में बजट पर चर्चा तक नहीं हो सकी। इस दिन एक फरवरी तक के लिए सम्मेलन स्थगित कर दिया गया।
एक फरवरी का सम्मेलन भी हुआ स्थगित : हंगामे की संभावनाओं के चलते अध्यक्ष अग्रवाल ने इस सम्मेलन के लिए उपाध्यक्ष योगेश सक्सेना को प्रभार सौंप दिया। एक फरवरी को जैसे ही उपाध्यक्ष सक्सेना की अध्यक्षता में सम्मेलन की शुरुआत हुई। भाजपा पार्षद दल के नेता प्रशांत ढेंगुला ने यह कह कर सम्मेलन 15 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दिया उन्होंने अभी बजट का अवलोकन नहीं किया। वह इस पर चर्चा करेंगे।