पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • माता की भक्ति में रमेगा धारांचल

माता की भक्ति में रमेगा धारांचल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नवरात्रिके आगाज के साथ गुरुवार से धारांचल माता की भक्ति में रम जाएगा। इस बार नवरात्रि आठ दिनों की है, लिहाजा उत्सव के परवान चढ़ने में समय नहीं लगेगा। इसकी झलक धार में देवी मंदिर परिसर में लगने वाले मेले में भी दिखाई दी। अमूमन दूसरे-तीसरे दिन दुकानें लगती हैं। इस बार बुधवार दोपहर तक ही 60 प्रतिशत से ज्यादा दुकानें लग गईं। 250 दुकानें नगरपालिका ने काटी हैं। इनमें से करीब 175 दुकानें बुधवार से लगना शुरू हो गई थीं। निर्देश दिए गए हैं कि गुरुवार तक किसी भी दुकानदार ने खाली जगह छोड़ी तो आवंटन निरस्त कर दूसरे दुकानदार को देंगे।

मंदिर में भी साज-सज्जा चली। माता के गहने पूरी सुरक्षा के बीच मंदिर तक लाए गए। गुरुवार से शहर समेत महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और प्रदेशभर से लोग दर्शनार्थ पहुंचना शुरू हो जाएंगे। उधर, मेला परिसर में होने वाले कार्यक्रमों को नगरपालिका ने फायनल कर दिया है। उद्घाटन गुरुवार सुबह 10 बजे होगा। मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा, विधायक नीना वर्मा, कलेक्टर जयश्री कियावत, एसपी बीएस चौहान रहेंगे। मेला समिति के आयोजन में पहले दिन सत्यनारायण भगवान की कथा, 26 को नुक्कड़ नाटक, 27 को फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, 28 को धार्मिक आर्केस्ट्रा, 29 को कवि सम्मेलन, 30 को राजस्थानी लोक नृत्य, 1 अक्टूबर को भोपाल के कलाकारों द्वारा भजनों पर नृत्य और 2 को भजन संध्या होगी। मेला प्रांगण में गरबा करने वाली टीम में रोजाना प्रथम 3333, द्वितीय 2222 और तृतीय 1111 रुपए पुरस्कार राशि दी जाएगी। शहर में घटस्थापना के चलते प्रमुख मार्गों से विभिन्न आयोजकों के चल समारोह निकलेंगे। करीब 44 गरबा पंडालों में डांडिये खनकेंगे।

धार. देवीजी मेला परिसर में बुधवार को दिनभर दुकानें लगाने का काम चलता रहा।