नमकीन कारोबारी पर मिर्च पावडर फेंककर सवा लाख लूटे
देर रात हुई लूट की वारदात, पुलिस ने दर्ज किया चोरी का केस
भास्कर संवाददाता| इंदौर
दुकान से सिल्लक लेकर घर जा रहे नमकीन कारोबारी को शनिवार देर रात एक बदमाश ने मिर्च पावडर फेंककर लूट लिया। व्यापारी ने उसे पकड़ने की कोशिश भी, लेकिन वह उन्हें धक्का देकर भाग गया। गिरने से व्यापारी को चोट आई है। घटना से पहले बदमाश ने व्यापारी की रैकी भी की थी। वहीं, पुलिस ने लूट की वारदात को चोरी बताकर केस दर्ज किया है।
मल्हारगंज पुलिस के अनुसार वारदात देर रात मालगंज चौराहे पर महेंद्र नमकीन दुकान के संचालक चंदाप्रभु जैन के साथ हुई। उन्होंने बताया रात 10.30 बजे दुकान बंद करने के बाद दुकान की दिनभर की सिल्लक लेकर मैं घर जा रहा था तभी एक बदमाश पीछे से आया और मिर्च पावडर फेंककर हाथ में पकड़ी सवा लाख रुपयों से भरी थैली छीन ली, मैंने शोर मचाया तो बदमाश धक्का देकर भाग निकला। इसके बाद घबराहट होने से मेरी तबीयत बिगड़ गई और रात में थाने नहीं जा सका।
पुलिस ने यूं बदला लूट को चोरी में- पीड़ित व्यापारी जैन और उनके बेटे प्रमोद ने भास्कर को बताया बदमाश हाथ से रुपए की थैली छीनकर ले गया था, ये बात पुलिस अधिकारियों को बताई तो वे एफआईआर में इसका जिक्र ही नहीं करने का बोलने लगे। जब हमें एफआईआर की कॉपी दी तो उन्होंने ये लिख दिया कि बदमाश ने मिर्च फेंकी तो मैंने रुपयों की थैली जमीन पर रख दी थी, जिसे वह उठाकर ले भागा। इस आधार पर चोरी बताकर केस दर्ज कर लिया, जबकि बदमाश की छीनाझपटी में थैली का हत्था भी टूट गया था। टीआई धैर्यशील येवले से इस पर चर्चा की गई तो बोले जांच के बाद धारा बढ़ा दी जाएगी।