- Hindi News
- खुद लिया फर्जी प्रवेश, फिर करने लगा दलाली
खुद लिया फर्जी प्रवेश, फिर करने लगा दलाली
एसआईटी ने पीएमटी फर्जीवाड़ा रैकेट के एजेंट को किया गिरफ्तार
भास्करन्यूज | ग्वालियर
स्पेशलइन्वेस्टिगेशन टीम ने पीएमटी फर्जीवाड़ा रैकेट के एक ऐसे एजेंट रामलाल जाटव को गिरफ्तार किया है जिसने खुद फर्जी तरीके से भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लिया और इसके बाद फर्जी प्रवेश दिलाने की दलाली करने लगा। इसने गजराराजा मेडिकल कॉलेज में छात्र प्रताप चौधरी काे सॉल्वर बैठाकर प्रवेश दिलाया था। गिरफ्तारी के बाद प्रताप ने रामलाल के नाम का खुलासा किया था। तभी से पुलिस इसकी तलाश कर रही थी। इस पर पांच हजार रुपए का इनाम भी घोषित था।
सीएसपी आकाश भूरिया ने बताया कि 2010 बैच के फर्जी छात्र प्रताप चौधरी ने बताया था कि भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज के 2009 बैच का छात्र रामलाल जाटव निवासी मुरैना उसके लिए सॉल्वर लाया था। रामलाल पीएमटी फर्जीवाड़ा रैकेट का एजेंट है। पुलिस तभी से रामलाल की तलाश कर रही थी। इस दौरान पता चला कि रामलाल ने खुद भी गांधी मेडिकल कॉलेज में फर्जी तरीके से प्रवेश लिया था। भोपाल पुलिस इस कारण उसे पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। जमानत पर छूटने के बाद इसे जैसे ही पता चला कि ग्वालियर पुलिस भी उसे तलाश कर रही है तो वह फरार हो गया। पुलिस ने इसे तलाशने के लिए भोपाल और मुरैना में दबिश दी। यह नहीं मिला। इसके बाद रामलाल पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया गया।
सीएसपी भूरिया ने बताया कि रामलाल गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल का 2009 बैच का फर्जी छात्र रहा है। इसने फर्जीवाड़ा रैकेट सरगना विंध्यवासिनी के जरिए फर्जी तरीके से गांधी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लिया था।
पूछताछ के दौरान इसने बताया कि प्रताप चौधरी का प्रवेश दिलाने में उसे बीस हजार रुपए मिले थे। दस हजार रुपए प्रताप ने दिए थे और दस हजार रुपए सॉल्वर ने कमीशन के तौर पर दिए थे।
बेटेकाे फर्जी तरीके से मेडिकल कॉलेज में प्रवेश दिलाने वाला शिक्षक गिरफ्तार : पुलिसने गजराराजा मेडिकल कॉलेज के 2010 बैच के फर्जी छात्र आशीष प्रजापति के पिता को गिरफ्तार किया है। आशीष के पिता रामबाबू प्रजापति जालौन में शिक्षक हैं। इन्होंने अपने बेटे के फर्जी तरीके से मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए दो लाख रुपए दिए थे। रामबाबू ने पुलिस को बताया कि उसने कुछ अपनी बचत में से और कुछ रुपए उधार लेकर रुपए इकट्ठे किए थे।