थरूर से 5 घंटे पूछताछ, बस्सी बोले- फिर बुला सकते हैं
एजेंसी|नई दिल्ली. सुनंदा पुष्कर की रहस्यमय मौत के सिलसिले में उनके पति और कांग्रेस सांसद शशि थरूर से शनिवार को दिल्ली पुलिस की विशेष जांच टीम ने 5 घंटे पूछताछ की। दिल्ली पुलिस कमिश्नर बीएस बस्सी ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर थरूर को फिर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। बस्सी ने जांच की दिशा पर संतोष जताया। यह भी कहा कि पुलिस जल्द से जल्द इस केस को तार्किक हल पर ले जाएगी।
थरूर से शनिवार को पूछताछ वसंत विहार पुलिस थाना परिसर में एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड के दफ्तर में हुई। एक साल पहले भी थरूर से तीन दौर की पूछताछ हुई थी।
17 जनवरी 2014 को सुनंदा का शव दिल्ली के एक पांच सितारा होटल के कमरे में मिला था। दिल्ली पुलिस ने सुनंदा की मौत के मामले में हत्या का केस दर्ज किया था। एम्स ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि सुनंदा की मौत जहर की वजह से हुई थी। बाद में एफबीआई ने अपनी रिपोर्ट में एम्स की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर मुहर लगाई थी।
सुनंदा के शरीर पर मिले जख्म और मौत से एक दिन पहले हुए झगड़े को लेकर थरूर से पूछताछ की गई। इससे पहले 13 नवंबर को सुनंदा पुष्कर की विसरा जांच रिपोर्ट में शरीर में कोई जहर नहीं होने की पुष्टि हुई थी। एसआईटी केस की अंतिम रिपोर्ट 28 फरवरी तक सौंप सकती है। इसमें परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को ही आधार बनाया जा सकता है क्योंकि किसी भी मेडिकल रिपोर्ट में जहर की पुष्टि नहीं हुई है।
सुनंदा पुष्कर केस