पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • क्रिस्टल आईटी पार्क में दो और आईटी पार्क बनेंगे

क्रिस्टल आईटी पार्क में दो और आईटी पार्क बनेंगे

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पांच साल पहले तक खंडहर में तब्दील रहे क्रिस्टल आईटी पार्क में आज कंपनियों की इतनी मांग है कि अब शासन इसी परिसर में दो और आईटी पार्क बनाने जा रहा है। एक आईटी पार्क सेज क्षेत्र में रहेगा, जो पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) में बनेगा और दूसरा पार्क एकेवीएन, इंदौर द्वारा टेंडर जारी कर विकसित किया जाएगा। इसकी लागत 45 करोड़ रुपए आएगी। दोनों पार्क विकसित होने से यहां आईटी की 50 से अधिक कंपनियां और आ सकेंगी, जिनसे दस हजार लोगों को रोजगार मिल सकेगा।

एकेवीएन एमडी कुमार पुरुषोत्तम ने बताया कि क्रिस्टल आईटी पार्क के पास ही खाली पड़ी दस एकड़ जमीन को पीपीपी आधार पर विकसित कर सेज क्षेत्र में दूसरा चरण ला रहे हैं। यहां टेंडर आधार पर डेवलपर को नियुक्त किया जाएगा, जो आठ लाख वर्गफीट एरिया को विकसित कर खुद आईटी कंपनियों को यहां जगह आवंटित करेगा। दूसरा पार्क क्रिस्टल आईटी पार्क के पास एक और खाली पड़ी दो एकड़ जमीन पर विकसित होगा। यह नॉन सेज में होगा। यहां जी प्लस आठ मंजिला ग्रीन बिल्डिंग 45 करोड़ में बनेगी। यहीं पर एकेवीएन का दफ्तर भी बनेगा। करीब चार लाख वर्गफीट एरिया रहेगा, जहां आईटी कंपनियों को मांग के आधार पर जमीन आवंटित की जाएगी।

सुपर कॉरिडोर पर टीसीएस को सौ और इन्फोसिस को 130 एकड़ जमीन आवंटित की हुई है। दोनों कंपनियों ने निर्माण काम शुरू कर दिया है। प्रोजेक्ट पूरा होने पर टीसीएस में दस हजार और इन्फोसिस में 13 हजार लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा।

टीसीएस व इन्फोसिस
यहां भी मिलेंगे रोजगार के अवसर
परदेशीपुरा आईटी पार्क
परदेशीपुरा में एमपीएसईडीसी द्वारा जी प्लस फाइव मंजिल में यह पार्क विकसित किया जा रहा है। हर फ्लोर पर 20-20 हजार वर्गफीट की जगह आईटी कंपनियों को किराए पर दी जाएगी। यह प्रोजेक्ट 48 करोड़ रुपए का है। प्रोजेक्ट पूरा होने पर करीब डेढ़ हजार लोगों को सीधा रोजगार मिलेगा।

सिंहासा आईटी पार्क
धार रोड पर एमपीएसईडीसी (मप्र स्टेट इलेक्ट्रॉनिक डेवलपमेंट सेंटर) द्वारा 112 एकड़ जमीन पर 110 करोड़ रुपए से आईटी पार्क विकसित किया जा रहा है। यहां पांच एकड़ जमीन पर शासन द्वारा 22 करोड़ की लागत से अलग आईटी पार्क बनाया जा रहा है। शेष जमीन पर 27 बड़े प्लॉट विकसित किए गए हैं, जिनमें से दस प्लॉट इन्फोबीन्स, एल्कोर्ट, न्यूटेक फ्यूजन, ट्रूमेन, इन्गनेट, बीएसएम इन्फोकॉम, सिल्क टेक्नोलॉजी कंपनियों को आवंटित किए जा चुके हैं। पार्क पूरा होने पर दस हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।

काम जल्द होगा शुरू 15 हजार को मिलेगा रोजगार
क्रिस्टल आईटी पार्क के पहले चरण में दो लाख वर्गफीट एरिया में अभी 18 आईटी कंपनियां काम कर रही हैं। इनसे करीब चार हजार लोगों को रोजगार मिला है। क्रिस्टल आईटी पार्क के दो और चरण विकसित होने पर 50 से ज्यादा कंपनियां आ सकेंगी, जिनसे दस हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिल सकेगा। इस तरह अकेले क्रिस्टल आईटी पार्क क्षेत्र में ही 15 हजार लोगों को रोजगार मिल सकेगा।

खबरें और भी हैं...