खंभे हटवाए, लेआउट डाल निर्माण शुरू
घोड़ाचौपाटीसे झंडा चौपाटी तक बिजली के खंभे हटाकर सीमेंटेड फोरलेन का अटका काम बुधवार को फिर शुरू करवाया गया। सात खंभे हटवाए गए। सड़क निर्माण के लिए लेआउट भी डाल दिया, जिसके बाद ठेकेदार ने किला गेट से झंडा चौपाटी तक सीमेंटीकरण शुरू किया। अब चार बाधक खंभे हटाए जाना शेष है।
एमपीआरडीसी के सहायक प्रबंधक एसके मंगवानी और प्रोजेक्ट इंचार्ज दिनेश पाटीदार बुधवार सुबह धार पहुंचे। ठेकेदार घोड़ा चौपाटी-एआरटीओ फोरलेन का काम लंबे समय से ठप कर बैठा था। खंभे की बाधा बताई जा रही थी। अफसरों ने खड़े रहकर घोड़ा चौपाटी से लेकर झंडा चौपाटी तक के सात खंभे हटवाए। लेआउट डाल निर्माण भी शुरू करवाया। गौरतलब है इस हिस्से में घोड़ा चौपाटी से किला गेट तक कुछ हिस्सों में बिजली के खंभों के कारण सीमेंटीकरण छोड़ दिया गया था। वहीं किला गेट से झंडा चौपाटी तक के हिस्से में एक तरफ की सड़क का काम ही शुरू नहीं हो पाया था। बाधाएं हटने के साथ निर्माण फिर शुरू हो गया। हालांकि अधिकारी झंडा चौपाटी से बंदीछोड़ समाधि स्थल तक के बाधक मकानों को तोड़ने को लेकर मौन रहे।
91 में से 63 ने दिखाए दस्तावेज
झंडा चौपाटी के करीब से बंदीछोड़ समाधि स्थल तक 91 मकान सड़क निर्माण में बाधक हैं। इन्हें पूर्व में नोटिस जारी किए थे, जिसके चलते 63 मकान मालिकों ने एमपीआरडीसी को दस्तावेज प्रस्तुत किए हैं। दस्तावेज में पट्टे, रजिस्ट्री, कबाले, जल कर और बिजली के बिल पेश किए। नगरपालिका और राजस्व विभाग को ये दस्तावेज सौंपे जा रहे हैं। दोनों विभाग से जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जा सकती है। उधर धार-नागदा मार्ग पर तोरनोद से नागदा तक एमपीआरडीसी द्वारा पैचवर्क भी कराया जा रहा है। फिलहाल तीसगांव से अनारद के बीच काम चल रहा है। यहां बड़े गड्ढे हो गए थे। पैचवर्क से लोगों को राहत मिलेगी।
धार. निरीक्षण कर निर्माण के लिए लेआउट डलवाया गया।