मुंबई को रोहित की कमी खली : राइट
रायपुर | लाहौरलायंस से चैंपियंस लीग टी20 के पहले क्वालिफायर में हारने वाली मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच जान राइट ने कहा कि गत चैंपियन टीम अपने नियमित कप्तान रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में खराब शुरुआत के कारण हार गई। रोहित शर्मा चोट के कारण नहीं खेल रहे हैं। पाकिस्तानी टीम से छह विकेट से शिकस्त के बाद मुंबई इंडियंस के कोच राइट ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘हां, हमें रोहित की कमी खली। हमें सचमुच अच्छी शुरुआत की जरूरत थी। हमने अच्छे रन बनाने के लिये तेजी की जरुरत थी। हमें इस क्षेत्र में सुधार करना होगा क्योंकि हमने धीमी शुरुआत की। हमें बोर्ड पर ज्यादा रन बनाने चाहिए थे।’ उन्होंने कहा, ‘लाहौर लायंस ने अच्छा काम किया और शुरू से अच्छी बल्लेबाजी की। हम शायद स्कोर में 20 रन से पिछड़ गए। हमें किसी ऐसे विशेष खिलाड़ी की जरूरत थी जो मैच में योगदान देता।’ उन्होंने उमर अकमल की 18 गेंद में 38 रन की पारी की भी तारीफ की।