पाक ने भारत के मछुआरों को गिरफ्तार किया
पाकिस्तानने गुरुवार को 58 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और उनकी दस नावें भी जब्त कर लीं। जबकि श्रीलंका की नौसेना ने तमिलनाडु के पकड़े गए 27 मछुआरों को चेतावनी देकर छोड़ दिया।
एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार, पाक में समुद्री सीमा का उल्लंघन करने पर दस नावों पर सवार 58 भारतीय मछुआरों को पकड़ा गया। इन्हें पुलिस को सौंप दिया गया जो इनके खिलाफ मामला दर्ज करेगी। अरब सागर में सीमाओं का सही निर्धारण नहीं होने की वजह से आए दिन दोनों देशों के मछुआरे पकड़े जाते हैं। दूसरी ओर श्रीलंका की नौसेना ने बुधवार की रात तमिलनाडु के जिन 27 मछुआरों को अपनी जल सीमा में घुसने के आरोप में पकड़ा था, उन्हें गुरुवार सुबह चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। नौसैनिकों ने उनकी नावों को क्षतिग्रस्त कर दिया। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पन्नीरसेल्वम ने पकड़े गए राज्य के 24 मछुआरों की तत्काल रिहाई सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की है। इन मछुआरों को गत नौ दिसंबर को बांग्लादेश के नौसैनिकों ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा का उल्लंघन करने पर पकड़ा है। ये कोलकाता के समीप से तीन नावों पर सवार होकर समुद्र में मछली पकड़ने गए थे।