- Hindi News
- धार में अतिक्रमण हटाने गए अमले पर पथराव, एसडीएम की गाड़ी फोड़ी
धार में अतिक्रमण हटाने गए अमले पर पथराव, एसडीएम की गाड़ी फोड़ी
ब्रह्माकुंडीक्षेत्र में गुरुवार सुबह सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हटाने गए अमले पर प्रभावितों ने पथराव कर दिया। पत्थरबाजी में एसडीएम के वाहन का कांच फूट गया। पुलिस को लाठियां भांजना पड़ी। प्रशासन ने सख्ती से पक्के निर्माण को जेसीबी से ढहा दिया।
क्षेत्र में चार-पांच साल से सरकारी जमीन पर कई पक्के मकान बन रहे थे। कुछ लोगों ने कब्जा करने के लिए कुर्सी हाइट तक निर्माण कर लिया था तो कुछ ने दीवारें खड़ी की थी। कुछ ऐसे भी थे जो मकान बनाकर वहां रहने लगे थे। जिनके पास पट्टे थे, उन्होंने हद से तीन गुना ज्यादा तक निर्माण कर लिया था। प्रशासन ने बीते महीने अतिक्रमण हटाने का नोटिस भी दिया था लेकिन वे नहीं हटे। गुरुवार को प्रशासन पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंचा तो प्रभावितों ने हमला कर दिया। एक बार तो भीड़ को जैसे-तैसे शांत कर लिया, लेकिन कुछ देर बाद ही महिलाएं भड़क उठीं। महिलाओं को एसडीएम नीरज कुमार सिंह की तरफ आता देख अमले के कर्मचारी उन्हें वाहन की ओर ले जाने लगे। तभी भीड़ ने पथराव कर दिया। एक पत्थर एसडीएम की गाड़ी के पिछले कांच पर लगा। पुलिस फोर्स ने लाठियां भांजी और पथराव करने वाले कुछ लोगों को पकड़ा। प्रशासन ने इक्का-दुक्का मकान जिनमें लोग रह रहे हैं, उन्हें 15 दिन का समय दिया। शेष कुर्सी हाइट तक बने और निर्माणाधीन 10 से 12 मकान ढहा दिए।
ब्रह्माकुंडी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाए अमले पर इस तरह पत्थर बाजी की गई। एसडीएम की गाड़ी का कांच फूटा।