सफारोवा-इवानोविक क्वार्टर फाइनल में
सर्बियाकी एना इवानोविक और चेक गणराज्य की लुसी सफारोवा ने पैन पैसिफिक ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली जहां दोनों आमने-सामने होंगी। जर्मनी की एंजेलिक कर्बर और स्लोवाकिया की डोमिनिका सिबुलकोवा ने भी अंतिम आठ में स्थान बनाया। तीसरी वरीय एना इवानोविक के हाथों बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका को 6-3, 6-4 से हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन अजारेंका आसानी से हार गईं।
सातवीं वरीयता प्राप्त लुसी सफारोवा ने दूसरे दौर में वाइल्ड कार्डधारी बेलिंडा बेनकिक को 3-6, 6-4, 6-2 से हराया। 27 वर्षीय चेक गणराज्य की लुसी 17 वर्षीय स्विट्जरलैंड की बेलिंडा के खिलाफ पहले सेट में 3-3 की बराबरी के बाद सेट गंवा बैठीं। लेकिन इस साल विंबलडन की सेमीफाइनलिस्ट सफारोवा ने जबरदस्त वापसी की और अंतिम आठ का टिकट कटाया। बेनकिक ने यहां पहले दौर में 2004 की यूएस ओपन और 2009 की फ्रेंच ओपन चैंपियन रूस की स्वेतलाना कुजनेत्सोवा को हराकर उलटफेर किया था।
अन्य मैचों में स्लोवाकिया की डोमिनिका सिबुलकोवा ने अमेरिका की कोको वांदेवेघे को 7-6, 7-5 से हराया। इस मैच का फैसला 2 घंटे 5 मिनट में हुआ। छठी वरीय सिबुलकोवा का सामना टॉप सीड जर्मनी की एंजेलिक कर्बर से होगा। वर्ल्ड नंबर 8 कर्बर ने यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना को 6-4, 6-4 से मात दी।
पैन पैसिफिक ओपन टेनिस