- Hindi News
- जनवरी में खाने पीने की चीजें हुईं और महंगी
जनवरी में खाने-पीने की चीजें हुईं और महंगी
धीरे-धीरेसही, महंगाई फिर जोर पकड़ने लगी है। जनवरी में खुदरा महंगाई दर 5.11 फीसदी पर पहुंच गई है। यह आंकलन नए फॉर्मूले पर आधारित है। इसमें साल 2012 को आधार बनाया गया है।
इस फॉर्मूले के मुताबिक दिसंबर में खुदरा महंगाई 4.28 फीसदी थी। पुराने फॉर्मूले (आधार वर्ष 2010) के अनुसार दिसंबर में यह 5 फीसदी थी। केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय (सीएसओ) के आंकड़ों के मुताबिक महंगाई में यह तेजी खाने-पीने की चीजों के कारण है। जनवरी में खाद्य महंगाई दर 6.06 फीसदी रही।
अब महंगाई दर तय करने में शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी जरूरी सेवाओं को भी अहमियत मिलने लगी है। विभिन्न वस्तुओं को मिलने वाले महत्व में भी फेरबदल हुआ है। राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रणब सेन का कहना है कि नए आंकड़े अधिक वास्तविक तस्वीर पेश करेंगे।