- Hindi News
- युवक ने जहर खाया, प्रोफेसर पर लगाया आरोप
युवक ने जहर खाया, प्रोफेसर पर लगाया आरोप
जिला अस्पताल में भर्ती युवक मनीष जैन।
भास्कर संवाददाता| धार
तात्याटोपेमार्ग निवासी युवक मनीष जैन ने बुधवार रात जहर खा लिया। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के बाद गुरुवार को उसकी हालत में सुधार आया। बयान में उसने पीजी कॉलेज के प्रोफेसर नागेश डगांवकर पर धमकी देने का आरोप लगाया। प्रोफेसर का कहना है कि उनकी युवक से कभी बात ही नहीं हुई।
गौरतलब है मनीष पर दो महीने पहले पीजी कॉलेज के अतिथि विद्वान रवींद्र गड़वाल ने मारपीट का आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज करवाई थी। उसके बाद मनीष के एडवोकेट पिता पारसमल जैन ने एसपी को आवेदन देकर आरोप लगाया था कि चूंकि वे पक्षकार अमरदीप सोलंकी द्वारा पीजी कॉलेज में सीसीटीवी कैमरा खरीदी जनभागीदारी समिति में भ्रष्टाचार की हाईकोर्ट में लगी याचिका में बतौर एडवोकेट पैरवी कर रहे हैं, इसलिए मुझ पर दबाव बढ़ाने के लिए उनके पुत्र पर प्रोफेसर डगांवकर ने गड़वाल से एफआईआर दर्ज करवाई। 10 फरवरी को एडवोकेट जैन ने थाने पर एक आवेदन भी दिया, जिसमें आरोप लगाया कि प्रोफेसर डगांवकर ने बेटे मनीष को जान से मारने की सुपारी देने की धमकी दी है। उन्होंने इस आवेदन में लिखा कि मेरे पुत्र के साथ कोई घटना होती है तो जवाबदार डगांवकर रहेंगे। 11 की रात मनीष ने जहर खा लिया। उसने एक सुसाइड नोट भी लिखा था। इसमें लिखा कि प्रोफेसर डगांवकर 11 फरवरी शाम 6.30 से 7 बजे के बीच एलआईसी ऑफिस के सामने मिले, जिनके साथ एक महिला भी थी। उन्होंने कहा कि तेरे बाप को समझा ले कि बार-बार हमारी शिकायत नहीं करे, नहीं तो कॉलेज में फेल करा दूंगा। तुझे जान से मरवा दूंगा। पुलिस तो क्या मिलिट्री भी मेरा कुछ नहीं कर सकती। धमकी के चलते ही खुदकुशी का कदम उठाने की बात लिखी। गुरुवार सुबह पुलिस ने छात्र के बयान लिए। देर शाम तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी।
^युवकसे मेरी कभी भी एक शब्द भी बात नहीं हुई। मैं फिजिक्स का प्रोफेसर हूं और वह अन्य संकाय का छात्र है। धमकी देने का तो सवाल ही नहीं उठता। नागेशडगांवकर, प्रोफेसर
आरोप-प्रत्यारोप