शामली फायरिंग में सपा विधायक पर केस दर्ज
भास्कर न्यूज नेटवर्क | शामली (यूपी) . ब्लॉक प्रमुख चुनाव में जीत के बाद की गई फायरिंग से आठ साल के बच्चे की मौत के मामले में कैराना से सपा विधायक नाहिद हसन के खिलाफ भी मंगलवार को केस दर्ज किया गया है। उन पर पत्रकार से मारपीट और धमकी देने का आरोप है। साथ ही नाहिद के 25 अज्ञात साथियों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
सीएम अखिलेश ने ट्वीट कर पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। मामले में सीएम ने नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख नफीसा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। कैराना के इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। सीओ और एसडीएम को हटा दिया गया है। फायरिंग में शामिल लोगों के हथियारों के लाइसेंस कैंसिल कर दिए गए हैं। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया था, बाकी की तलाश जारी है।