- Hindi News
- अधीक्षण यंत्री ने दुत्कारा, कलेक्टर ने दिलाया ट्रांसफॉर्मर
अधीक्षण यंत्री ने दुत्कारा, कलेक्टर ने दिलाया ट्रांसफॉर्मर
डेढ़महीने से अंधेरे में रह रहे उतरसी के ग्रामीण शुक्रवार को ट्रांसफॉर्मर लेने नौगांव बिजली कंपनी कार्यालय पहुंचे तो अधीक्षण यंत्री सुब्रतो राय ने दुत्कार कर लौटा दिया। ग्रामीण कलेक्टर जयश्री कियावत से मिले, जिन्होंने राय को कॉल कर ट्रांसफॉर्मर देने को कहा। डेढ़ घंटे में नया ट्रांसफॉर्मर मिल गया, जो ग्रामीण वाहन से गांव ले गए।
दरअसल उतरसी में डेढ़ महीने पहले ट्रांसफॉर्मर जल गया था। इसके बाद बिजली कंपनी ने एक अन्य ट्रांसफॉर्मर लगाया। यह सात दिन में जल गया। तब से ग्रामीण कई बार गुहार लगा चुके हैं लेकिन ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया। बिजली नहीं मिलने से गांव के आधे से अधिक उपभोक्ताओं ने बिल नहीं भरे। बिजली कंपनी के अधिकारी जो उपभोक्ता भुगतान कर चुके हैं, उन्हें ही अन्य से भी वसूली कर बकाया चुकता करने पर ही ट्रांसफॉर्मर लगाने की बात कह रहे हैं। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण नौगांव कार्यालय पहुंचे तो राय यहीं मौजूद थे। उन्होंने ट्रांसफॉर्मर देने के लिए कहा तो राय बोले बचे हुए उपभोक्ताओं से राशि वसूल कर लाओ। ग्रामीणों ने कह दिया कि आपके लाइनमैन हैं, इनसे वसूली करवाओ, हम कहने जाएंगे तो गांव में बुराई होगी। इस पर राय गुस्सा गए और बोले जाओ कोई ट्रांसफॉर्मर नहीं मिलेगा। ट्रांसफॉर्मर देना तो दूर खंभे भी उखड़वा दूंगा। ग्रामीण कलेक्टोरेट पहुंचे और कलेक्टर से शिकायत की। कलेक्टर ने फोन किया तो राय तुरंत ट्रांसफॉर्मर देने को राजी हो गए। दोपहर डेढ़ बजे ग्रामीण ट्रांसफॉर्मर गांव ले गए। इस बारे में राय का कहना है मैंने ग्रामीणों से वसूली में सहयोग के लिए कहा था। बड़ा मुद्दा नहीं है
कलेक्टर को समस्या बताता ग्रामीण।
उतरसी के ग्रामीणों को फटकार लगाते एसी।