- Hindi News
- महिला हेल्पलाइन पर बताया लड़का छेड़ रहा है, पुलिस पहुंची तो भाग निकला
महिला हेल्पलाइन पर बताया - लड़का छेड़ रहा है, पुलिस पहुंची तो भाग निकला
बाद में लड़की के घर पहुंच धमकाया
धार. शुक्लाकॉलोनी की एक छात्रा ने शनिवार को महिला हेल्पलाइन में फोन कर बताया कि एक लड़का लगातार छेड़ रहा है। कोतवाली से पुलिस पहुंची तो लड़का भाग निकला। बाद में उसके साथी लड़की के घर पहुंच कर पुलिस में शिकायत नहीं करने को लेकर धमकाने लगे। पुलिस पहुंची और धमकाने वालों को थाने ले आई।
लड़की भोज कन्या स्कूल में पढ़ती है। उसने शिकायत कर बताया कि नौगांव का राहुल पिता अनूप ठाकुर आते-जाते छेड़छाड़ करता है। सिल्वर हिल में कोचिंग जाने पर भी पीछा करता है। शिकायत पर चेतक स्क्वॉड त्रिमूर्ति चौराहे पर पहुंचा, जहां राहुल उसके दूसरे दोस्त राहुल के साथ खड़ा था। पुलिस को देखते ही छेड़छाड़ करने वाला राहुल भाग निकला। दूसरे को पुलिस ने समझा कर छोड़ दिया। कुछ देर बाद यह राहुल एक और साथी प्रदीप प्रतापसिंह के साथ लड़की के घर पहुंच गया और पुलिस केस में नाम फंसाने पर अंजाम बुरा होने की धौंस देने लगा। सूचना पर पुलिस यहां भी पहुंच गई और प्रदीप राहुल को थाने ले आई। प्रदीप दोनों राहुल पर केस दर्ज किया।