- Hindi News
- चार हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त करेगी सरकार
चार हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त करेगी सरकार
दिनेश गुप्ता| ग्वालियर. प्रदेशसरकार अपने आंगनबाड़ी केंद्र को छोड़ दूसरे वार्ड या शहर में रहने वाली 4 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त करेगी। इसके पहले उन्हें नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाएगा। महिला एवं बाल विकास के प्रमुख सचिव जेएन कंसोटिया से मिले निर्देश के आधार पर सभी जिलों जांच की जा रही है और कई जिलों में नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं।
गौरतलब है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए बने भर्ती नियम में उल्लेख है कि इस पद पर उसी महिला की नियुक्ति होगी जो केंद्र के वार्ड क्षेत्र की निवासी होगी। नवंबर 2014 में विभाग ने जब दस्तावेज के आधार पर जांच की गई तो पूरे प्रदेश में 3 हजार 481 मामले सामने गए जिनमें कार्यकर्ता अब आंगनबाड़ी केंद्र क्षेत्र में निवास नहीं कर रही हैं। इसी मुद्दे पर महिला एवं बाल विकास के प्रमुख सचिव ने 20 नवंबर को और जांच का निर्देश सभी जिलों को दिया। जिलों की जांच में यह संख्या अब चार हजार को पार कर गई है। लेकिन इनकी नियुक्ति करने वाले अफसर अब खुद को पाकसाफ बता रहे हैं। उनका तर्क है कि नियुक्ति के वक्त महिलाएं संबंधित केंद्र के क्षेत्र में ही रहती थीं पर अब वे शहरों में पहुंच गई हैं। दूसरी तरफ आला अफसरों का मानना है कि ऐसे कार्यकर्ताओं के कारण केंद्र वक्त पर नहीं खुल रहे हैं और पात्र लोगों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। श्योपुर में पदस्थ जिला कार्यक्रम अधिकारी कल्पना बोहरे ने कहा कि उन्होंने श्योपुर जिले में ऐसी 120 कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी कर दिए हैं।
^प्रमुख सचिव और आयुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्र के बाहर रहने वाली कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। कार्यकर्ता को क्षेत्र का निवासी होना चाहिए, अन्यथा कार्य प्रभावित होता है। डॉ.सुरेश तोमर, संयुक्तसंचालक महिला एवं बाल विकास