सियाचिन बेस कैम्प में लाए गए नौ जवानों के शव
जम्मू | ग्लेशियर में जान गंवाने वाले बाकी नौ जवानों के शव शनिवार को लद्दाख सेक्टर के सियाचिन बेस कैम्प में लाए गए। मौसम साफ होते ही उन्हें लेह लाया जाएगा। एक वरिष्ठ सेना अधिकारी ने बताया कि मौसम में मामूली सुधार होते ही जवानों के शव ऊंचाई वाली पोस्ट से हेलिकॉप्टर के जरिए नीचे लाए गए। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को आसमान साफ रहेगा। तब इन्हें लेह लाया जा सकेगा। अब तक मौसम खराब होने की वजह से सियाचिन में हेलिकॉप्टरों की आवाजाही बंद थी।
गौरतलब है कि 19 हजार 600 फीट की ऊंचाई वाले सियाचिन ग्लेशियर पर 3 फरवरी को हुए हिमस्खलन में 10 भारतीय जवान दब गए थे। इनमें से लांस नायक हनुमनथप्पा को जिंदा निकाला गया था, लेकिन बाद में उनकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। बाकी नौ जवानों के परिजन उनकी पार्थिव देह का तब से ही इंतजार कर रहे हैं।