घायलों ने 10 किमी पीछा कर पकड़ा
इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार रात करीब 10:30 बजे बाइक सवार चार अज्ञात बदमाशों ने दो युवकों को जमकर पीटा और लूट लिया। घायल युवकों ने हार नहीं मानी और लुटेरों का 10 किमी तक पीछा कर दो को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया।
जानकारी के मुताबिक, 12वीं के छात्र अर्जुन चौहान (21) और दीपक चौहान (17) फोरलेन से बाइक पर अपने गांव हजतपुर जा रहे थे। आतेड़ी फाटे पर सड़क पार करने से पहले दो बाइक पर चार बदमाश आए और उन्हें रोककर मारपीट शुरू कर दी। युवकों से बैग, लेपटॉप, मोबाइल और 11 हजार रुपए लूट लिए। जब दोनों युवकों ने लुटेरों का विरोध किया तो एक बदमाश ने धारदार हथियार से अर्जुन के गले पर वार कर दिया। घायल होने पर भी दोनों युवक लगभग 15 मिनिट तक लुटेरों से संघर्ष करते रहे। बाद में लुटेरे उन्हें धक्का देकर बाइक सहित भाग निकले। जैसे-तैसे दोनों युवकों ने हिम्मत जुटाई और लुटेरों का पीछा किया। बोधवाड़ा पंप के पास युवकों ने लुटेरों की एक बाइक पर पीछे से टक्कर मारी और उन्हें गिरा दिया। लुटेरों पर पत्थर बरसाकर उन्हें बेदम कर दबोच लिया। इनके पास से युवकों ने अपना लैपटॉप व एक मोबाइल वापस लिया। जबकि अन्य बाइक पर सवार दो लुटेरे एक मोबाइल व नकदी लेकर भाग निकले।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने नहीं की मदद
अर्जुन ने बताया आतेड़ी फाटे पर जब उनका लुटेरों से संघर्ष चल रहा था, तब एक पुलिस वाहन वहां से गुजर रहा था। जवानों ने घटना देखी पर वे मदद के लिए नहीं रुके। पेट्रोल पंप पर भी लोगों की भीड़ जमा थी पर किसी ने मदद नहीं की।
घायल 12वीं का छात्र अर्जुन चौहान और दीपक चौहान।
वारदात