विचारों में सफलता का बीज है तो मंजिल मिलना निश्चित
भास्कर संवाददाता | आलीराजपुर
हमारी चेतना में अद्भुत असीमित शक्तियां समाई हुईं रहती है। जाने अनजाने में यह शक्तियां ही हमारी सफलता व असफलता, हार-जीत, सुख-दु:ख का मार्ग तय कराती हैं। सफलता भी उन्हीं को मिला करती है जिनको अपनी शक्तियों पर संपूर्ण विश्वास रहता है।
यह बात माउंट आबू से आए ब्रह्माकुमार नारायण भाई ने कही। वे आदिवासी कन्या छात्रावास में छात्राओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा नकारात्मक माहौल में हर विद्यार्थी के मन में कहीं न कहीं संशय, डर, भय, चिंता समाई रहती है। अपने अंतर्मन में कहीं न कहीं इनका बीज बोया है जो असफलताओं के रूप में मिल रहा है। एक मेडिकल का स्टूडेंट पहले से ही अपने मन में धारणा बना लेता है कि लाखों स्टूडेंट में मेरा नंबर तो आएगा नहीं तो उसका अंतर्मन उसको सफल नहीं होने देगा। यह शक्तिशाली विचार आपको मंजिल पर पहुंचा देते हैं। सफलता व असफलता का बीज हमारे अंतर्मन की शक्तियों में समाया रहता है। इसका गहरा आध्यात्मिक विज्ञान है जिसे मेडिटेशन से अनुभव कर सकते हैं।
नारायण भाई ने कहा शांत मन की कार्य शक्ति से 4 घंटे का कार्य 30 मिनट में पूरा कर सकते हैं। प्रात: काल के समय हमारा मन बहुत काल तक शांत रहता है। सुबह अगर हम मेडिटेशन करते हैं तो दिन भर के नकारात्मक एनर्जी से हमारा मन प्रभावमुक्त रहेगा। अंत में सभी को प्रेक्टिकल मेडिटेशन का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में होस्टल वार्डन शोभा बघेल, ब्रह्माकुमारी माधुरी बहन भी मौजूद थीं।
आलीराजपुर. आदिवासी कन्या छात्रावास में संबोधित करते ब्रह्माकुमार नारायणभाई व कार्यक्रम में उपस्थित छात्राएं।
कार्यक्रम