संघ कार्यालय पर पथराव के बाद बिगड़ा माहौल, धार में धारा 144
वसंत पंचमी पर शुक्रवार को भोजशाला में पूजा-नमाज दोनों शांतिपूर्ण होने के बाद शनिवार सुबह कुछ असामाजिक तत्वों ने शहर का माहौल बिगाड़ दिया। वे पूजन दोपहर तक भोजशाला के बाहर व बाद में भीतर करने के निर्णय से नाराज थे।
शुक्रवार शाम से ही सोशल मीडिया पर हिंदू संगठनों व वसंतोत्सव आयोजन समिति के खिलाफ उकसाने वाले मैसेज चल रहे थे। संभवत: इन्हीं असामाजिक तत्वों ने शनिवार सुबह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय पर पथराव कर दिया। एक वाहन व एक दुकान में आग लगा दी। दो इलाकों में पथराव हुआ। पुलिस ने 14 लोगों पर केस दर्ज कर देर शाम तक चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल शहर में धारा 144 लागू है। शेष|पेज 8 पर
अधिकतर आरोपी कांग्रेस के बुंदेला गुट के
संघ कार्यालय पर तोड़फोड़ मामले में भोज उत्सव समिति संरक्षक विजयसिंह राठौर की शिकायत पर अमरदीप सदाशिव सोलंकी, धीरेंद्र दिघे, मुन्ना व्यास, चंद्रशेखर चौहान, नवीन चौहान, अजय ठाकुर, साकेत अग्रवाल, हेमंत मालवी, पवन आहूजा, आशीष, प्रमोद सेनापति, विश्वास रघुवंशी, हितेश टांक व उत्कृष्ट पुजारी पर एफआईआर दर्ज की गई। इनमें से प्रमोद, आशीष, पवन व अमरदीप को गिरफ्तार भी कर लिया। आरोपियों में अधिकतर कांग्रेस के पूर्व विधायक मोहनसिंह बुंदेला गुट के हैं। गौरतलब है बुंदेला भोज उत्सव समिति के विरोध के बावजूद प्रशासन की सद्भावना रैली में शामिल हुए थे। एक अन्य आरोपी भोजशाला मुद्दे से दूर रहीं विधायक नीना वर्मा समर्थक है।
स्थिति नियंत्रण में
अफवाहों का दौर चला, 15 मिनट में बंद हो गया शहर
शहर में स्थिति नियंत्रित कर ली गई है। कानून व्यवस्था भंग करने वालों को बख्शेंगे नहीं। साेशल मीडिया पर भड़काऊ मैसेज करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। - श्रीमन शुक्ला, कलेक्टर धार
माहौल बिगाड़ने वाले असमाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कुछ अन्य हिरासत में हैं। फिलहाल शहर में शांति बहाल है। -राजेश हिंगणकर, एसपी धार
पहली बार नहीं हुआ हिंदुओं का अपमान
हर शुक्रवार की वसंत पंचमी पर भोजशाला में हिंदू समाज को लाठी मारी गई, पूजा करने से रोका गया। पहली बार हिंदू समाज अपमानित नहीं हुआ। यह कुछ लोगों को हजम नहीं हो रहा, इसलिए ये लोग हिंसा पर उतारू हो गए हैं। - विजयसिंह राठौर, संरक्षक, भोज उत्सव समिति
शुक्रवार शाम अखंड पूजन की पूर्णाहुति के बाद से ही सोशल मीडिया पर भोज उत्सव समिति द्वारा धोखा देने और आयोजन फिक्स करने के आरोप वाले भड़काऊ संदेश चलने लगे। सुबह 11.30 बजे करीब 20 अज्ञात लोगों ने संघ कार्यालय पर पथराव कर दिया। खिड़कियों के कांच फाेड़ दिए। दरवाजे भी तोड़ डाले। पुलिस ने यहां से एक फोटोग्राफर को हिरासत में लिया। सुबह 11.50 बजे भोज उत्सव समिति संरक्षक विजयसिंह राठौर के काशीबाग स्थित घर पर भीड़ लग गई। तत्काल पुलिस वहां पहुंची, जिससे भीड़ भाग निकली। इसके बाद शहर में अफवाहों का दौर चल पड़ा। 15 मिनट के भीतर पूरा शहर बंद हो गया। पुलिस बाजार में घूम लोगों से दुकानें खोलने का निवेदन करने लगी लेकिन अलग-अलग इलाकों में हिंसा भड़कने लगी। दोपहर 12.30 बजे हटवाड़ा में इमामबाड़ा के पीछे दो पक्षों में पथराव हो गया। इसी दौरान सब्जी मंडी में एक दुकान में आग लगा दी गई। 1.10 बजे मायापुरी कॉलोनी में दो पक्षों में पथराव किया गया। छोटा आश्रम के सामने एक लोडिंग रिक्शा को आग के हवाले कर दिया गया। दोपहर 1.45 बजे पूरे शहर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। कलेक्टर-एसपी शहर में पैदल निकल पड़े। उन्होंने आराेपियों को घरों से निकलवा कर हिरासत में लिया।
लोगों को घरों के भीतर रहने को कहा।
संघ कार्यालय में पथराव के दौरान खिड़कियों से शीशे टूट गए। छोटा आश्रम के सामने एक लोडिंग रिक्शा में आग लगा दी गई।