उत्सव के दूसरे दिन खौफ से धार बंद
संघ कार्यालय पर पथराव के बाद भाजपा कार्यालय पर पहुंची पुलिस
भास्कर संवाददाता | धार
वसंत पंचमी के उत्सव में शामिल होने के लिए शुक्रवार को लोगों ने दुकानें बंद रखी थीं। पूरा शहर बंद था। 24 घंटे बाद शनिवार को यह काम खौफ ने कर दिया। विवाद की आशंकाओं से चिंताग्रस्त लोग संघ कार्यालय पर तोड़फोड़ के बाद सहम गए। अफवाहें चलीं और चंद मिनट में शहर के हर इलाके में प्रतिष्ठानों के शटर गिर गए। बाद में तोड़फोड़, पथराव और आगजनी की छिटपुट घटनाएं हुईं। कलेक्टर-एसपी पैदल सड़क पर उतर आए। उत्पातियों को घर से निकाल कर थाने ले जाया गया।
लोहे के गेट पर लात मार घुसे संघ कार्यालय में
सुबह असामाजिक तत्व व कुछ युवक बाइक रैली के रूप में नारेबाजी करते निकले और त्रिमूर्ति नगर स्थित संघ कार्यालय पहुंचे। लोहे के गेट पर लात मार भीतर घुसे। फिर बाहर आकर पथराव कर दिया। पहली मंजिल के खिड़की के कांच, दूसरी मंजिल के स्लाइडर आदि के कांच तोड़ दिए। पुलिस पहुंची, तब तक युवक भाग चुके थे।
भोज उत्सव समिति संरक्षक राठौर निकले डंडा लेकर
संघ कार्यालय तोड़फोड़ के बाद युवक काशीबाग कॉलोनी स्थित भोज उत्सव समिति संरक्षक विजयसिंह राठौर के घर पहुंचे। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले भाग निकले। इसका पता लगने पर राठौर समर्थकों के साथ डंडा लेकर अपने निवास की तरफ बढ़े। इस दौरान एसपी राजेश हिंगणकर फोर्स समेत यहां पहुंच चुके थे। उन्होंने राठौर के घर पर फाेर्स तैनात किया। साथ ही धर्म जागरण मंच विभाग संयोजक गोपाल शर्मा और भोज उत्सव समिति संरक्षक अशोक जैन के घर और जिला भाजपा कार्यालय के सामने फोर्स तैनात कर दिया।
3000 पुलिस जवान तैनात
वसंत पंचमी पर भोजशाला में कानून व्यवस्था के लिए धार में करीब 9000 पुलिस जवान तैनात किए थे। इनमें से विभिन्न जिलाें के बल को रवाना कर दिया है। एसएएफ व सीआरपीएफ समेत अन्य कंपनियों के 3000 पुलिस जवान धार में ही हैं। विवाद पनपने के दौरान फोर्स को ले जा रही बसें घोड़ा चौपाटी पर खड़ी थी, जिन्हें पुलिस कंट्रोल रूम तलब कर फोर्स शहर में तैनात किया गया।
पुलिस ड्रोन कैमरा बच्चे को मिला, पुरस्कृत
धार| वसंत पंचमी के दौरान भोजशाला परिसर में पुलिस द्वारा निगरानी के लिए दो ड्रोन कैमरे लगाए थे। इनमें से एक ड्रोन कैमरा शुक्रवार शाम गुम गया था। शनिवार काे क्षेत्र में सरगर्मी से इसकी तलाश की गई। शाम को 12 वर्षीय गोकुल पिता अंबाराम को यह ड्रोन कैमरा मिला। उसने पुलिस को लाकर कैमरा दिया। रेडियाे एसपी राजेश दंडोतिया ने बालक को 5 हजार का नकद पुरस्कार दिया।
लालबाग में धर्मस्थल पर तोड़फोड़: दोपहर 1 बजे लालबाग परिसर में प्रेस क्लब भवन के पीछे अज्ञात उत्पातियों ने तोड़फोड़ कर दी। प्रशासन ने मुख्य गेट बंद कर यहां मरम्मत करवाई।
भागा युवक पकड़ाया
मायापुरी कॉलोनी में पथराव करने वाले एक युवक को पकड़ा गया। उसे थाने ले जाया जा रहा था, तभी छोटा आश्रम के सामने वाहन फूंकने की खबर मिली। पुलिस युवक को वहां लेकर पहुंची। युवक उतरा और आग बुझाने में मदद के नाम पर धूल फेंकने लगा। धूल फेंकते-फेंकते मतलबपुरा तरफ भाग निकला। पुलिस पीछे दौड़ी और पकड़ा। चार डंडे मारे और थाने ले गई। पुलिस पीछे दौड़ी और पकड़ा। चार डंडे मारे और थाने ले गई।
एसपी ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोककर चेक किया
दोपहर में कलेक्टर श्रीमन शुक्ला और एसपी राजेश हिंगणकर ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों सड़कों पर उतर आए। लोगों को घरों के भीतर किया। सड़क पर घूमते संदिग्ध बाइक सवारों को रोक चेक किया। कुछ बाइक की हवा भी निकाली। ओटलों पर बैठे और समूह में खड़े लोगों को घरों के भीतर भेजा।
दो मोहल्लों में पथराव भी
हटवाड़ा क्षेत्र में इमामबाड़ा के पास वाली गली में अज्ञात लोगों ने पथराव किया। पुलिस के पहुंचते ही उत्पाती घरों में घुस गए। पुलिस जब गली में थी, तभी पथराव सेे आक्रोशित दूसरे पक्ष ने पत्थर फेंके। यहां एक पुलिसकर्मी को स्थायी रूप से तैनात कर दिया। उधर, मायापुरी की दो गलियों में दो पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर बरसे। घरों के दरवाजे तक तोड़ दिए। सीएसपी विक्रम सिंह व सिटी मजिस्ट्रेट बिहारी सिंह ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया।
पुलिसकर्मी लोगों को समझाते रहे, कहा शांति रखो
पथराव करने वाला युवक गिरफ्त से भागा, पकड़कर पीटा