अफवाहें दौड़ी, चंद मिनट में थम गया शहर
संघ कार्यालय में तोड़फोड़ के बाद शहर में अफवाहें फैल गईं। पुलिस फोर्स भी शहर में दौड़ लगाने लगा। अनहोनी से आशंकित लोगों ने ताबड़तोड़ दुकानों का सामान भीतर किया और शटर गिरा दिए। 12.15 बजे तक तो पूरा शहर बंद हो गया। शुरुआत में तो पुलिस लोगों को काेई चिंताजनक बात नहीं होना कहकर दुकानें खुलवाने लगी लेकिन जब अन्य इलाकों से आगजनी, पथराव की शिकायतें आईं तो घरों के ओटलों पर बैठे लोगों को भी भीतर कर दिया।
दो जगह आगजनी
शहर में दो जगह आगजनी हुई। थोक सब्जी मंडी में इकराम की दुकान अज्ञात लोगों ने जला दी। नपा के फायर ब्रिगेड ने पानी डाल काबू पाया। दुकान की सब्जी जल गई। छोटा आश्रम के सामने सड़क किनारे खराब खड़ी एक लोडिंग को अज्ञात लोग सड़क पर लाए और उसमें आग लगा दी। सीएसपी विक्रम सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट बिहारी सिंह ने पहुंच कर आग बुझवाई।
बसें अन्य मार्ग पर डायवर्ट, यात्री घिरे
माहौल गर्माते ही बस स्टैंड सूना हो गया। यहां आने वाली बसें डायवर्ट हो गईं। शहर के बाहर से ही बसें निकल गईं। बाहर से आए यात्री शहर में ही घिर गए। सामान लाद बस पकड़ने के लिए यहां से वहां घूमते रहे। बस स्टैंड, घोड़ा चौपाटी, मोहन टॉकिज चौराहा व हटवाड़ा क्षेत्र में बड़ी संख्या में यात्री बसों का इतंजार करते रहे।
धार. हमेशा भीड़भाड़ भरा रहने वाला बस स्टैंड इस तरह वीरान हो गया।
बाहर खड़े युवक पर पुलिस ने बरसाए डंडे
पीपली बाजार में हर्जीफलिया गली के बाहर खड़े जीतू तिवारी नाम के युवक की पुलिस से हुज्जत हो गई। पुलिस ने उस पर जमकर डंडे बरसाए। पैर में गंभीर चोटें आईं।
माहौल बिगड़ने से सम्मेलन निरस्त
वसंतोत्सव के समापन पर शनिवार दोपहर भोजशाला परिसर में मातृशक्ति सम्मेलन किया जाना था। शहर में माहौल बिगड़ने के चलते भोज उत्सव समिति ने कार्यक्रम निरस्त कर दिया।