खुदी सड़क से वाहन चालक परेशान
नपा के बाद अब टेलीकाम कंपनी ने की खुदाई
कार्यालय संवाददाता| गंजबासौदा
बरेठरोड पर वाहन चालकों की मुसीबत कम होने का नाम नही ले रही है। पिछले तीन महीनों से वाहन चालकों का मार्ग से निकलना दूभर हो गया है। मार्ग पर नपा की जलावर्धन योजना के चलते पाइप लाइन डालने के लिए नालियां खोदी गई थी। इससे वाहन चालकों को करीब एक महीने तक परेशान होना पड़ा था।
इसके बाद मार्ग पर खोदी गई नालियों को कार्य पूर्ण होने के बाद नाममात्र मिट्टी से भर दिया गया। बारिश के समय आए दिन वाहनों के फंसने से मार्ग पर जाम की स्थिति बनने लगी है। दो महीने बाद मार्ग की मरम्मत कराई गई।इससे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। पंद्रह दिन यातायात सुचारू रूप से चला मंगलवार से एक प्रायवेट टेलीकॉम कंपनी द्वारा केबल लाइन डालने के लिए मार्ग को दोबारा से खोद दिया गया है और मार्ग के समीप ही मिट्टी के ढेर लगा दिए हैं। इससे वाहन चालकोंं को आवागमन के समय परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरेठ रोड निवासी रोहित शर्मा , राकेश कुशवाह ने बताया कि मार्ग पर मिट्टी के ढेरों से परेशान होकर संबंधित अधिकारी की शिकायत एसडीएम ओपी श्रीवास्तव से की गई है। इसके बाद मार्ग से मिट्टी को हटाया गया था लेकिन दोबारा से मार्ग पर ढेरों को लगा देने से वाहन चालकों के सामने समस्या ज्यों की त्यों बन गई है।
गंजबासौदा। बरेठरोड पर मार्ग की खुदाई के बाद लगाए गए मिट्टी के ढेरों से नागरिक और वाहन चालक हो रहे हैं परेशान।