पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • संत ने उठाई झाडू तो सफाई करने जुटे सैकड़ों

संत ने उठाई झाडू तो सफाई करने जुटे सैकड़ों

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कार्यालय संवाददाता| गंजबासौदा

मिलरोड पर रविवार सुबह साढ़े आठ बजे अंतरराष्ट्रीय संत वेदांति डा. रामकमल दास ने नगर में स्वच्छता अभियान के श्री गणेश के लिए जब झाडू उठाया तो नागरिकों के सैकड़ों हाथ उनका साथ देने उठे। नगरपालिका ने मिल रोड से विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ करने समारोह आयोजित किया।

संत श्री वेदांति महाराज ने कहा कि मन की स्वच्छता ईश्वर का मार्ग प्रशस्त करती है। नगर और घर की स्वच्छता निरोगी निर्मल वातावरण पैदा करती है। जब हमारा शरीर निरोगी और निर्मल रहेगा तो मन भी ईश्वर आराधना में लगेगा। इसलिए पहले हम नगर और घर का वातावरण स्वच्छ बनाए। स्वच्छता की जिम्मेदारी जितनी नगरपालिका की है उतनी ही हमारी भी। इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने के लिए सभी आगे आएं। कार्यक्रम को नपाध्यक्ष द्वय मोहन भावसार और नव निर्वाचित अध्यक्ष मधुलिका अग्रवाल ने भी संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्र व्यापी स्वच्छता अभियान के तहत नपा पूरे शहर को गंदगी मुक्त बनाने के लिए कार्यक्रम शुरु कर रही है तो उसमें नागरिक सहयोग दें तभी हम नगर को गंदगी मुक्त कर पाएंगे। इस मौके पर मिल रोड पर बिशनजी भाई चौक से नागरिकों के साथ अध्यक्ष द्वय ने सड़क पर झाडू लगाई। इसी के साथ नगर में नपा का विशेष स्वच्छता अभियान शुरु हो गया। अभियान के लिए नपा ने नई लंबी छोटी झाडू मंगाई थी कार्यक्रम के बाद कुछ लोग छोटी झाडू घर लेे गए। कार्यक्रम को रज्जन यादव, डा. राकेश जादौन, गोविंद पटेल, सौदान सिंह यादव और नगर मंडल अध्यक्ष जितेन्द्र मैना ने संबोधित किया।

गंजबासौदा। संतडा. रामकमलदास ने झाडू लगाकर किया सफाई अभियान का शुभारंभ।