आधुनिक फायर ब्रिगेड की मांग
गंजबासौदा| आगजनीकी घटनाओं को रोकने के लिए नागरिकों द्वारा आधुनिक सुविधाओं वाले फायर ब्रिगेड की मांग की जा रही है। नगर में हुई दो आगजनी की घटनाओं में अत्याधुुनिक फायर ब्रिगेड होने के कारण आग को समय पर नहीं बुझाया जा सका। इस कारण करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ।
सामाजिक कार्यकर्ता सुनील बाबू पिंगले ने बताया कि वर्तमान में नगरपालिका के पास दो फायर ब्रिगेड हैं जो बड़ी आगजनी की घटनाओं में बेकार साबित हो रही है। आग पर काबू पाने के लिए बीना रिफाइनरी से फायर ब्रिगेड को बुलाना पड़ता है तब कहीं जाकर आग पर काबू पाया जाता है। यदि नगर में ही आधुनिक फायर ब्रिगेड उपलब्ध रहेगी तो आगजनी की बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है। मनोहर चौरसिया का कहना है कि आगजनी की घटनाएं दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। समय पर आग पर काबू पाने के कारण वह विकराल रूप धारण कर लेती हैं। जिन्हें सामान्य फायर ब्रिगेड से बुझाना नमुमकिन हो जाता है। ऐसी परिस्थितियों में आधुनिक फायर फाइटरों की मदद से ही आग पर काबू पाया जा सकता है। इसलिए नगर में आधुनिक फायर ब्रिगेड होना जरूरी है।