खाद बीज व्यापारियों ने बंद रखा कारोबार
गंजबासौदा| नगर के खाद- बीज कीटनाशक व्यापार संघ ने मंगलवार को सरकार के नए लायसेंस नियम का विरोध किया है। मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर इस नए नियम को तत्काल निरस्त करने की मांग की।
व्यापारियों का कहना है कि उर्वरक एवं कीटनाशक के नए लायसेंस देेने का प्रावधान कृषि स्नातक या विज्ञान चुनिंदा विषयों के डिग्रीधारियों को ही देने के आदेश किए गए हैं। इससे उन हजारों उर्वरक एवं कीटनाशक व्यापारियों के सामने रोटी-रोजी का संकट खडा़ हो जाएगा। जो वर्षों से व्यापार कर रहे हैं। इस तुगलकी आदेश को तत्काल निरस्त किया जाए।ताकि इस व्यवसाय पर आश्रित हजारों लोगों को बेरोजगारी का सामना न करना पड़े। इस आदेश के विरोध में पूरे देश के व्यापारी एक जुट हैं। उन्होंने नौ फरवरी को देश व्यापी बंद का आहवान किया है। इसी के तहत प्रदेश के व्यापारी भी अपना व्यापार बंद रखेंगे। ज्ञापन देने वालों में देवेंद्र वर्मा, लखन सिंह रघुवंशी, आनंद जैन, भगवान सिंह मीणा, दुलीचंद गुप्ता, राजेश भावसार, महेंद्र सिंह रघुवंशी, पंकज अग्रवाल, भूपेंद्र सिंह, शिवलक्ष्य अग्रवाल, वीरेंद्र सिंह रघुवंशी आदि शामिल थे।