पाइप लाइन के लिए खोदी गली सालभर में भी नहीं सुधरी
गंजबासौदा|वार्ड क्रमांक 15 में गली मरम्मत न होने के कारण वार्डवासियों को काफी परेशान होना पड़ रहा है। रहवासियों का कहना है कि नपा की जल आवर्धन योजना के अंतर्गत करीब एक साल पहले गली में खुदाई कार्य किया गया था। खुदाई कार्य के दौरान फर्शियों को निकालकर पाइप लाइन डाली गई थी। कार्य पूरा होने के बाद न तो फर्शियों को व्यवस्थित कराया गया और नहीं गड्ढों को भरा गया। इससे आवागमन के दौरान वाहन चालकों को परेशान होना पड़ता है। साथ ही धूल और मिट्टी के ढेर से रहवासी परेशान हैं। रहवासी भगवानदास कुर्मी ने बताया कि रात के समय गड्ढों के कारण पैदल चलना दूभर हो जाता है। नपाधिकारियों से गली की मरम्मत के लिए शिकायत की जा चुकी है लेकिन एक साल बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।