छात्राओं ने बताया बेटियों का महत्व
भास्कर संवाददाता| गंजबासौदा
ग्राम उदयपुर के कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में बालिकाओं की आकर्षक प्रस्तुतियों के बीच वार्षिक उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान जहां बालिकाओं ने कराटे का प्रदर्शन किया वहीं मंच से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और पर्यावरण सरंक्षण पर जन चेतना जागृत की गई।उत्सव के दौरान जहां देशभक्ति पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की गई वहीं राधा कृष्ण की लीलाओं का चित्रण करने वाले नाटकों की प्रस्तुति भी सराहनीय रही।ग्रामीणों को नाटकों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में पूर्व छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में समाजसेवी कांतिभाई शाह,शंभुदयाल शर्मा भी मौजूद थे।नागरिक सेवा समिति की ओर से छात्राओं के लिए दो सिलाई मशीनें प्रशिक्षण के लिए दी गई।कार्यक्रम के दौरान नपाध्यक्ष मधुलिका अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष अंजलि यादव और लायनेस क्लब की सुनीता भावसार ने छात्रावास की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए उनकी सराहना की।छात्रावास गतिविधियों की जानकारी हेमलता त्रिवेदी द्वारा दी गई।कार्यक्रम का संचालन मेघा त्रिवेदी ने किया।
कार्यक्रम में नृत्य पेश करती छात्रा।