मनरेगा कर्मियों ने काली पट्टी बांध किया प्रदर्शन
भास्कर संवाददाता| गंजबासौदा
बुधवार दोपहर जनपद में कलमबंद हड़ताल पर बैठे मनरेगा संविदा अधिकारी, कर्मचारी एवं रोजगार सहायकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध किया। संघ नियमितिकरण की मांग को लेकर तीन दिन से हड़ताल पर है। कर्मचारियों का कहना है कि प्रदेश संघ के आव्हान पर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन किया जा रहा है। तीन दिन निकल जाने के बाद भी प्रदेश सरकार द्वारा मांगें नहीं मानी जा रही है। ब्लॉक अध्यक्ष दीपक रघुवंशी ने बताया कि लंबे समय से नियमितिकरण की मांग की जा रही है यदि कलमबंद हड़ताल के बाद उनकी मांगें नहीं मानी गई तो संघ उग्र आंदोलन करने की रूपरेखा तैयार करेगा। संघ द्वारा 8 से 14 फरवरी तक जनपद परिसर में धरना देकर कलमबंद हड़ताल की जा रही है। इस मौके पर सुनील शर्मा, दीपक चौरसिया, कमलेश जोगी, सर्जन सिंह, भुवनेश्वर दुबे, शरद गौड़, शान मोहम्मद, नागेन्द्र सक्सेना, विशाल साहू आदि कर्मचारी मौजूद थे।