4 माह से ठप हैं निर्माण कार्य, पार्षद नाराज
भास्कर संवाददाता| गंजबासौदा
नागरिकों के बाद सत्ताधारी दल के पार्षद भी शहर में विकास कार्य नहीं होने से नाराज हैं। शहर में पिछले 4 महीनों से नगर में विकास कार्य बंद हैं। इधर वार्डों में जरूरी और प्रस्तावित कार्य न होने से पार्षदों को नागरिकों के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है।
अध्यक्ष सहित सीएमओ फंड न होने की बात कहकर पार्षदों को टालने की कोशिश कर रहे हैं। दूसरी तरफ पूर्व में चल रहे विकास व निर्माण कार्यों का भुगतान न होने के कारण ठेकेदार परेशान हैं। ठेकेदार अधूरे काम छोड़कर चुपचाप बैठे हैं। पुराने कामों का भुगतान मांग रहे हैं। कुछ दिनों पहले हुई नपा परिषद की बैठक में सत्ताधारी दल के उपाध्यक्ष रानी लोधी सहित पार्षद प्रकाश जैन, कपिल शर्मा, पिंकी शर्मा, नत्थूराम कुशवाह और अंजलि रघुवंशी ने विकास कार्य न होने पर जमकर हंगामा किया। हालात यहां तक हुए की कुछ को छोड़कर सभी पार्षद बाहर आ गए थे। उनका आरोप था कि जिले की दूसरी नपा में शासन से राशि आ रही है। नगर में क्यों नहीं आ रही। प्रस्तावित निर्माण और विकास कार्यों की अनदेखी कब तक होगी।
उपाध्यक्ष बोले, कर्मचारी नहीं सुनते बात
भाजपा पार्षदों सहित उपाध्यक्ष का आरोप था कि नपा के कर्मचारी भी उनकी बात नहीं सुनते। कुल मिलाकर पालिका में विकास कार्यों को लेकर सत्ताधारी पार्षदों का असंतोष आने वाले दिनों में और भी मुखर होकर सिरदर्द बन सकता है। इससे आने वाली परिषद की बैठकें हंगामा पूर्ण हो सकती हैं। इधर पूर्व विधायक हरिसिंह रघुवंशी की मौजूदगी में प्राथमिकता के आधार पर बनाई गई निर्माण कार्यों की सूची नपा को सांसद सुषमा स्वराज से राशि दिलाने में कितनी सार्थक होगी। यह आने वाला समय तय करेगा। इधर सीएमओ सुधीर उपाध्याय का कहना है कि राशि के लिए प्रयास चल रहे हैं। हालात जल्द सामान्य होंगे।