नपाकर्मियों ने सीएमओ को ज्ञापन देकर 5 तारीख तक मांगा वेतन
पांच सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
भास्कर संवाददाता| गंजबासौदा
अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस द्वारा बुधवार दोपहर पांच सूत्रीय मांगों को लेकर नगर पालिका परिसर में जमकर प्रदर्शन किया गया। सभी कर्मचारियों ने सीएमओ सुधीर उपाध्याय को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि सभी नपा कर्मचारियों के वेतन का भुगतान महीने की 5 तारीख तक किया जाए। चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि का उपयोग कर्मचारी अधिकारियों के वेतन एवं भत्ते में किया जाए। शहर के क्षेत्रफल के मान से दैनिक श्रमिक पद सृजित किए जाए। 33 प्रतिशत दैनिक वेतन भोगी महिलाओं को काम पर रखा जाए। इसी के साथ लंबे समय से नपा में कार्यरत वरिष्ठ दैनिक वेतनभोगियों को नियमित किया जाए। संघ के राजेश, सुनील का कहना कि सफाई मजदूरों को समय पर वेतन भुगतान नहीं किया जाता। कभी आधा महीना तो कभी एक महीना पूरा होने पर वेतन मिलता है। इसके चलते संघ द्वारा प्रति महीने की पांच तारीख को भुगतान किए जाने की मांग की गई है।
शहर के क्षेत्रफल के मान से सफाई कर्मचारी पर्याप्त नहीं है। इससे कर्मचारियों को क्षमता से अधिक कार्य करना पड़ रहा है। कर्मचारियों की मांग को लेकर को कई बार नपा अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जा चुका है लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। ज्ञापन में 15 दिनों में पांच सूत्रीय मांगों का निराकरण न करने पर आंदोलन करने की बात सफाई कर्मचारी द्वारा कही गई है। इस मौके पर संजय चावरिया, मनोज, पवन खरे, सुदेश बग्गन, विजय टांक, धर्मेंद्र, कोमल, धर्मेंद्र सहित बड़ी संख्या में महिला सफाई कर्मचारी मौजूद थी।
अभा सफाई मजदूर कांग्रेस द्वारा पांच सूत्रीय मांगाें को लेकर सौंपा ज्ञापन