हैंडपंप के आसपास से हटाई गंदगी
शुक्रवार दोपहर नपा द्वारा वार्ड क्रमांक 10 और 21 में सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नालियों सहित हैंडपंपों के समीप जमा गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था कराई गई। साथ ही खाली प्लाटों में जमा पानी से पनप रहे मच्छरों की रोकथाम के लिए कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया गया। वार्ड क्रमांक 21 में नवनिर्मित पुलिया की सफाई न होने से वार्डवासी सहित नपा कर्मचारी परेशान हैं। रहवासियों का कहना है कि पुलिस निर्माण के बाद नपा जल आवर्धन योजना अंतर्गत पुलिया के बीचों बीच एक पाइप डाला गया है। मलबा एक ही स्थान पर जमा होने से पुलिया चौक हो गई है। इससे गलियों में पानी भर रहा है।
यदि जल्द से जल्द पुलिया की सफाई नहीं कराई गई तो बारिश में घरों में पानी जमा होने पर परेशानी बढ़ जाएगी। नपा के स्वास्थ्य अधिकारी आरके नेमा ने बताया कि वार्ड दस में मुख्य नालों और नालियों की सफाई कर कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया गया है। वार्ड क्रमांक 21 पुलिया में पाइप होने के कारण परेशानी हो रही है। जल्द से जल्द समस्या का निराकरण कराया जाएगा। नपा द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के चलते पिछले कई दिनों से अभियान चलाकर जोरशोर से सफाई कराई जा रही है ताकि नगर को स्वच्छ बनाया जा सके साथ ही नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।