सड़क पर घास डालने से हादसे का अंदेशा
गंजबासौदा| सड़कपर पशुओं को घास डालने से हो रही दुर्घटनाओं के कारण नागरिक और वाहन चालक परेशान हैं।
दूसरी तरफ नपा सफाई कर्मचारियों को प्रतिदिन एक ट्राली घास सड़क से हटानी पड़ रही है। इन दिनों पितृपक्ष के चलते कई लोग पशुओं को घास खिला रहे हैं। वे घास मुख्य मार्ग के बीचोंबीच नेहरू चौक पर डाल जाते हैं। घास खाते समय पशु आपस में लड़ते हैं। इससे कई राहगीर और दोपहिया वाहन चालक चपेट में आकर घायल हो रहे हैं। चौराहे पर गंदगी फैल रही है। इसकी शिकायत नागरिक मुख्य नगर पालिका अधिकारी पीएनसिंह और अधिकारियों से कर चुके हैं। लेकिन समस्या जस के तस बनी हुई हैं।