नो एंट्री में ट्रक घुसते ही पुल पर लगा जाम
भास्कर संवाददाता| गंजबासौदा
नगर में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक न लगने के कारण मुख्य चौराहे पर पुलिस की मौजूदगी के बाद भी ट्रक बिना किसी रोक टोक के नगर में प्रवेश कर रहे हैं।
गुरुवार दोपहर ट्रक के मुख्य बाजार में प्रवेश कर जाने के कारण पारासरी पुल पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। परेशान वाहन चालकों की ट्रक चालक के साथ जमकर बहस हुई। वाहन चालकों का कहना है पुल संकरा है। भारी वाहनों की आवाजाही से जाम की स्थिति निर्मित होती है। प्रवेश निषेध के बाद भी वाहनों के कारण नागरिकों में रोष है। विपिन कुशवाह, अमित लोधी का कहना है बायपास मार्ग होने के बाद भी ट्रक चालक मुख्य मार्गों से वाहन निकाल रहे हैं।
मुख्य मार्गों पर बनी गोदामों में दिनभर लोडिंग-अनलोडिंग के लिए वाहन खड़े रहते हैं। जिन पर कार्रवाई नहीं की जाती। सख्त कार्रवाई न होने के कारण ट्रक चालक बिना किसी रोक टोक के नगर में प्रवेश कर जाते हैं।
भारी वाहनों पर पाबंदी के बावजूद नो एंट्री में ट्रक आने से लगा जाम।