छात्रावास में बिजली सप्लाई ठप, अंधेरे में रहते हैं छात्र
ग्राम बरेठ स्थित आदिम जाति कल्याण केन्द्र छात्रावास में रहने वाले छात्र अंधेरे में रहने के लिए मजबूर हैं। विद्युत सप्लाई बंद होने पर पूरा परिसर अंधकारमय हो जाता है।
अंधेरा दूर करने के लिए छात्रावास प्रबंधन द्वारा अस्थाई विद्युत व्यवस्था नहीं कराई गई। छात्रों का कहना है रात के समय लाइट चले जाने पर मजबूरन अंधेरे में रहना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि छात्रावास में दर्जनों समस्याएं हैं। समस्या निराकरण के लिए कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर उपस्थित नहीं रहता।
छोटे- छोटे दर्जनों ग्रामीण छात्र डर के साए में रात गुजार रहे हैं। ग्रामीण गोपाल सिंह यादव ने बताया कि छात्रावास में बुधवार रात प्रभारी के अनुपस्थित होने की शिकायत तहसीलदार से की गई। तहसीलदार शत्रुघ्न सिंह चौहान ने बताया कि संबंधित अधिकारी से चर्चा की जाएगी और मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया जाएगा ताकि विद्यार्थियों की समस्याओं का निराकरण किया जा सके।