चौक को चौड़ा करने खंभा किया शिफ्ट
जय स्तंभ चौक को चौड़ा करने और नाली निर्माण के लिए रविवार को सड़क के बीच लगा हाइटेंशन लाइन का खंभा मंदिर से सटकर खड़ा किया गया।
दो सप्ताह पहले यातायात सुधार के लिए एसडीएम तृप्ति श्रीवास्तव ने नागरिकों व व्यापारियों की बैठक बुलाई थी। उसमें बिजली कंपनी को ऐसे पोल हटाने के निर्देश दिए थे जो सड़क यातायात में समस्या बन रहे हैं। नगर पालिका ने भी जय स्तंभ चौक पर समस्या बन रहे पोलों को शिफ्ट करने को लिखा है।
नपा चौराहे का विस्तार करने की योजना पर कार्य कर रही है। नगर का जयस्तंभ प्रमुख चौराहा है लेकिन उसकी चौड़ाई कम होने से बड़े वाहनों को टर्न करने में समस्या आ रही है। बड़े वाहनों के टर्न होने में समय लगता है। उन्हें अपने वाहन कई बार आगे पीछे करना पड़ते हैं। इससे यातायात जाम होता है। सूत्रों के अनुसार चौराहे की कुछ गुमठियों को आने वाले दिनों में हटाया जा सकता है जो यातायात में बाधा बन रहीं है।
विद्युत कंपनी के एई शैलेष जराठे का कहना है कि चौराहे के जो पोल यातायात के लिए समस्या बन रहे हैं। उनको शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए नपा के निर्देशानुसार कार्य होगा। इस संबंध में नपा सीएमओ सुधीर उपाध्याय का कहना है कि प्राथमिकता के आधार पर चौराहों का विस्तार किया जाना है। जहां जो समस्या आ रही है उसे वहीं सुलझाया जाएगा। जय स्तंभ चौक का यह पोल यातायात सहित नाले के लिए समस्या था।
जयस्तंभ चौक को चौड़ा करने विद्युत पोल शिफ्ट करते कर्मचारी।