जिस दर पर लिए प्लाट उसी पर उपलब्ध कराएं
कार्यालय संवाददाता| गंजबासौदा
कृषिमंडी में मंगलवार को अनाज एवं तिलहन व्यापारी संघ ने अपनी पुरानी मांग दोहराते हुए सांसद सुषमा स्वराज को पत्र सौंपा। इसमें संघ के अध्यक्ष सतीश अग्रवाल और महामंत्री पंकज जैन ने कहा कि नवीन कृषि मंडी में व्यापारियों को उसी दर पर प्लाट की भूमि उपलब्ध कराई जाए जिस दर पर कृषि मंडी ने शासन से खरीदी है या फिर 10 रुपए प्रति वर्गफीट के भाव से उपलब्ध कराई जाए।
व्यापारी पिछले चार सालों से इसी मांग पर अड़े हैं। इसके चलते कृषि मंडी में व्यापारियों को भूमि प्लाट आवंटन का मामला अधर में अटका हुआ है। इससे कृषि मंडी का विकास नहीं हो पा रहा है। इसके साथ ही नए प्रांगण में कामकाज प्रारंभ किए जाने मामला लंबा खिंचता नगर रहा है। कृषि मंडी के व्यापारी इसी मांग को लेकर तीन बार नीलामी का बहिष्कार कर चुके हैं।