उदयपुर में पानी का संकट, लोग परेशान
नल जल योजना की मोटर जली
उदयपुर| नलकूपआधारित कस्बे की नल- जल योजना की विद्युत मोटर जल जाने के कारण नागरिकों में पेयजल के लिए त्राहि- त्राहि मची हुई है। ग्राम पंचायत ने नलकूप की जली विद्युत मोटर मरम्मत के लिए कोई कदम नहीं उठाया। इसी प्रकार बासौदा मार्ग पर श्मशान के पास नलकूप में लगाई गई सौर ऊर्जा मोटर तीन महीने से बंद है। इसके चलते मुरादपुर रोड स्थित बस्ती में भी पानी की सप्लाई बंद है।
कुओं में गंदा पानी होने के कारण ग्रामीण हैंडपंप से पेयजल ढोकर ला रहे हैं। सात हजार की आबादी वाले कस्बे में पेयजल पठारी रोड स्थित नलकूप से सप्लाई किया जाता है। दो दिन पहले नलकूप की मोटर जल गई। इसके कारण पहाड़ी पर बसे इस गांव में लोग दूरदराज से पानी ढोकर ला रहे हैं। ग्राम पंचायत की सरपंच आरती माथुर से भी शिकायत की जा चुकी है, इसके बाद भी दो दिनों में पानी की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।
नलों में नहीं रहा है पर्याप्त प्रेशर
गंजबासौदा।चक्क स्वरूप नगर मार्ग पर तीन दिन से नपा की जल सप्लाई वाले नलों में प्रेशर नही आने से पानी मकानों की टोटियों तक नहीं पहुंच रहा है। इससे वार्ड क्रमांक १२ १३ के नागरिक परेशान हो रहे हैं। जालौरी गली के बीच तक जल सप्लाई का प्रेशर इतना कम हो जाता है कि टोटियों से बूंद-बूंद पानी टपकता है। इससे लोगों को पानी के लिए हैंड पंप का सहारा लेना पड़ रहा है। हैंडपंप का पानी खारा होने से खाना पकाने में दिक्कत रही है।