शराब की दुकान में लगाई आग
शराब की दुकान में लगाई आग
भाव को लेकर था विवाद, तीन लोगाें के खिलाफ प्रकरण
भास्करसंवाददाता. गरोठ
भानपुरा थाने के लौटखेड़ी में शराब की दुकान में दूसरे ठेके के कर्मचारियों ने शुक्रवार रात आग लगा दी। दुकान में मौजूद सैल्समेनों ने समय पर आग बुझा दी। घटना के बाद अारोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ प्राणघातक हमला करने का प्रकरण दर्ज किया है।
टीआई एमएल पुरोहित ने बताया बाबुल्दा और दूधाखेड़ी में स्थित देशी शराब की दुकान और लौटखेड़ी में स्थित देशी शराब की दुकान अलग-अलग ग्रुप की है। दोनों के संचालकों में शराब के भाव को लेकर विवाद चल रहा था। बाबुल्दा दुकान के कर्मचारी लक्ष्मीनारायण पिता मनोहरलाल चौधरी निवासी बिलांत्री, उदयराम पिता भवानीराम मीणा और कारूलाल पिता रामलाल कलाल निवासी नांवली ने रात शुक्रवार 12.30 बजे लौटखेड़ी स्थित शराब की दुकान में केरोसिन डालकर में आग लगा दी। घटना के समय दुकान में दिनेश पिता मदन गोस्वामी निवासी लौटखेड़ी, रोहित मिश्रा एवं गंगासिंह थे। दोनों बाहर निकले तो आग जल रही थी। उन्होंने जैसे-तैसे आग बुझाई। इसी दौरान आरोपी फरार हो गए। पुलिस जांच कर रही है।