यूरिया के लिए मची लूट
यूरिया खाद नहीं मिलने से परेशान किसान उग्र होते जा रहे हैं। शनिवार को किसानों ने सोसायटी के ट्रक से यूरिया की 150 बोरी लूट ली। राघौगढ़ तहसील के विजयपुर स्थित एनएफएल की मालगाड़ी रोक लिया। मुरैना में किसानों ने थाने पर पथराव किया और बाजार बंद कराए। सीहोर, ग्वालियर जिले में भी कुछ ऐसे ही हालात है।
राघौगढ़ ब्लॉक की मधुसूदनगढ़ तहसील के बारोद गांव स्थित सहकारी सोसायटी में सुबह 11 बजे किसानों को दो ट्रकों से यूरिया बांटी जा रही थी। अभी 150 बोरियां बंटी ही थीं कि तभी कुछ समय के लिए वितरण बंद कर दिया गया। इससे आक्रोशित किसान सोसायटी प्रबंधक पर कालाबाजारी का आरोप लगाने लगे। वितरण दोबारा शुरू नहीं होने से करीब 800 किसानों ने समिति में खड़े एक ट्रक से यूरिया लूटना शुरू कर दिया। आनन फानन में ट्रक ड्राइवर ने दूसरा ट्रक निकाला। समिति प्रबंधक विनोद रैकवार ने मधुसूदनगढ़ थाने में इस मामले में केस दर्ज कराया है। चौकी प्रभारी आरएस शुक्ला ने बताया कि सोसायटी प्रबंधक की शिकायत पर धारा 389 के तहत अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया है। शेष| पेज 5 पर
मुरैनामें किसानों ने थाने में पथराव, दुकानें बंद कराई
मुरैना जिले के सबलगढ़ में शनिवार को खाद का स्टॉक समाप्त होने से किसानों को पर्चियों का वितरण नहीं किया गया। इससे पुलिस थाने में मौजूद सैकड़ों किसानों ने थाने में पथराव किया। इसके बाद वे बाजार बंद कराने निकल गए। किसानों के उग्र तेवर देख व्यापारियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों के शटर नीचे गिरा दिए। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे किसानों को खदेड़ दिया।
किसानों को जरूरत के अनुसार मिलती रहेगी यूरिया -चौहान
भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसानों को जितनी जरूरत होगी उतनी यूरिया उपलब्ध करवाई जाएगी। प्रदेश में ऐसा कोई भी किसान नहीं रहेगा जिसको आवश्यकता के अनुसार उर्वरक नहीं मिले। श्री चौहान ने बताया कि प्रदेश को प्रतिदिन 15 हजार मीट्रिक टन उर्वरक मिल रही है। दिसम्बर माह के लिए तीन लाख 70 हजार मीट्रिक टन यूरिया आवंटित हुई है। हमने केन्द्र सरकार से इससे अधिक भेजने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की है कि उर्वरक उठाने में अनावश्यक जल्दबाजी नहीं करें। जितनी जरूरत हो उतना ही लें। केन्द्र से प्रतिदिन प्राप्त हो रहे पांच रैक से सभी जिलों की आवश्यकता पूरी होती रहेगी।
विजय