उम्मीदवारों को बताए जीत के तरीके
रणनीति बनाने के लिए हुआ कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन
निज संवाददाता| कुंभराज
नगरीयनिकाय निर्वाचन 2014 की तैयारियों के मद्देनजर कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। मंगलवार को सुबह 10 बजे से अनाज मंडी के कार्यालय में हुए सम्मेलन में राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने कांग्रेस के संभावित उम्मीदवारों से चर्चा की। इस दौरान नगरीय निकाय चुनाव के संबंध में भी विचार- विमर्श किया गया। राघौगढ़ विधायक श्री सिंह ने कहा कि सभी उम्मीदवारों को वोटर लिस्ट का पूर्ण रूप से अध्ययन करना चाहिए। हर मतदाता से उम्मीदवार स्वयं जाकर मिले, वोटर लिस्ट में जो नाम रह गए, उन्हें जुड़वाए। हमें विकास करना है तो नगर की सत्ता अपने पास जरूर आएगी। श्री सिंह ने कहा कि अब लोग भाजपा सरकार से ऊब चुके हैं। जो लोग कहते थे अच्छे दिन आएंगे वही लोग अब अपने आप को कोस रहे हैं। कश्मीर का आतंकवाद खत्म नहीं हुआ, पाकिस्तान एवं चीन हमें परेशान कर रहे हैं। पूरा देश भाजपा से त्रस्त है। यहां भी गुना में हत्याएं हो रही हैं। कुंभराज में डकैती डल रही है। प्रशासन सुस्त है। अब यहां नया माहौल देखने मिल रहा है। नगरीय चुनावों में आप सब एकजुट होकर कांग्रेस को भारी बहुमत से जिताएं, लेकिन अनुशासन का जरूर ध्यान रखें। विधायक ने सभी वार्डों के उम्मीदवारी जताने वाले लोगों से चर्चा कर सुझाव देते हुए कहा कि सभी उम्मीदवार अपना- अपना आवेदन ब्लाक कांग्रेस कमेटी को दें। पूर्व राज्य मंत्री शिवनारायण मीणा ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में नगर परिषद ने कोई काम नहीं किया। आज बुनियादी सुविधाओं के लिए आमजन परेशान हैं। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।